हंड्रेड 2025 के 16वें मुकाबले में ओवल इनविंसिबल्स के बल्लेबाज जॉर्डन कॉक्स ने अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से सबको हैरान कर दिया। वेल्स के खिलाफ खेले गए इस मैच में कॉक्स ने सिर्फ 29 गेंदों में नाबाद 86 रन ठोक डाले। उनकी इस पारी में 10 छक्के और 3 चौके शामिल थे। खास बात यह रही कि उन्होंने एक ही ओवर में 5 गेंदों पर 4 छक्के जड़कर गेंदबाजों की हालत खराब कर दी।
कॉक्स की इस आतिशी पारी के दम पर ओवल इनविंसिबल्स ने 4 विकेट के नुकसान पर 226 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। जवाब में वेल्स की टीम 143 रन ही बना पाई और उसे 83 रन से करारी हार का सामना करना पड़ा।
इस मुकाबले में कॉक्स ने 10 छक्के जड़कर लियाम लिविंगस्टोन के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली। शुरुआत में कॉक्स धीमे थे और पहले 8 गेंदों पर सिर्फ 8 रन बनाए थे, लेकिन गियर बदलते ही उन्होंने मैदान पर कोहराम मचा दिया।
ओवल की पारी की शुरुआत टावांडा मुयेये और विल जैक्स ने मिलकर 76 रनों की साझेदारी से की। इसके बाद सैम करन ने 34 रन बनाकर अहम योगदान दिया। पूरी पारी में ओवल ने कुल 17 छक्के लगाए, जो हंड्रेड के इतिहास में एक पारी में सबसे ज्यादा हैं।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी वेल्स टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। शुरुआती विकेट गिरने के बाद टीम संभल नहीं पाई। जॉनी बेयरस्टो ने जरूर 28 गेंदों में 51 रन बनाकर संघर्ष किया, लेकिन टीम को जीत तक नहीं ले जा पाए। आखिरकार ओवल ने 83 रन से बड़ी जीत दर्ज की।
यह मुकाबला पूरी तरह से जॉर्डन कॉक्स के नाम रहा, जिनकी बल्लेबाजी हंड्रेड 2025 में यादगार लम्हों में शामिल हो गई है।

