लंदन: लंदन के हीथ्रो एयरपोर्ट पर उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक अप्रवासी व्यक्ति ने सुरक्षा घेरा तोड़ते हुए रनवे पर दौड़ लगा दी। बताया जा रहा है कि यह व्यक्ति भारत भेजा जा रहा था, लेकिन उसने मौके पर सुरक्षा कर्मियों से खुद को छुड़ाया और रनवे की ओर भाग गया।
यह घटना रविवार, 8 जून को टर्मिनल 2 के पास घटी, और इसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। घटना के वायरल होने के बाद एयरपोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए जा रहे हैं।
पुलिस ने लिया हिरासत में
काफी देर तक रनवे पर दौड़ते रहने के बाद आखिरकार सुरक्षा बलों ने उस व्यक्ति को काबू में ले लिया। ‘द टेलीग्राफ’ की एक रिपोर्ट के अनुसार, उसे तुरंत ही मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों ने हिरासत में ले लिया। इस घटना को एक प्लेन स्पॉटर ने रिकॉर्ड किया और इसे ‘बिग जेट टीवी’ नामक यूट्यूब चैनल पर साझा किया गया।
सोशल मीडिया पर प्रतिक्रियाओं की बाढ़
घटना के वीडियो वायरल होते ही सोशल मीडिया पर यूजर्स की प्रतिक्रियाएं आने लगीं। कुछ ने हवाई अड्डे की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई, तो कुछ ने हल्के-फुल्के अंदाज में टिप्पणी की। एक यूजर ने लिखा, “शायद उसने सोचा कि अब बस, मुझे यहीं से निकलना है।” वहीं एक अन्य ने लिखा, “इसने तो रनवे शब्द का मतलब ही बदल दिया!”
हीथ्रो एयरपोर्ट प्रशासन का बयान
घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए हीथ्रो एयरपोर्ट के प्रवक्ता ने कहा, “हमने एयरपोर्ट पर एक व्यक्ति से जुड़ी स्थिति को संभाल लिया है। संबंधित व्यक्ति को एयरपोर्ट परिसर से हटा दिया गया है। हवाई अड्डे का संचालन सामान्य रूप से जारी है और यात्रियों की यात्रा में कोई बाधा नहीं आई है।”
सुरक्षा पर सवाल
इस पूरे घटनाक्रम ने एयरपोर्ट की सुरक्षा प्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। भारी सुरक्षा इंतजामों के बावजूद कोई व्यक्ति रनवे तक कैसे पहुंच गया? यह जांच का विषय है।

