हॉकी पुरुष एशिया कप 2025 का आयोजन 29 अगस्त से बिहार के राजगीर में होना है। यह टूर्नामेंट न सिर्फ एशियाई स्तर पर बड़ा इवेंट है बल्कि 2026 विश्व कप के लिए क्वालिफाइंग टूर्नामेंट भी है। यानी यहां अच्छा प्रदर्शन करने वाली टीमों को विश्व कप में सीधे जगह मिलेगी।
पाकिस्तान की टीम को लेकर अभी भी स्थिति साफ नहीं है। भारत सरकार पहले ही कह चुकी है कि वह पाकिस्तानी खिलाड़ियों को वीजा देने के लिए तैयार है, लेकिन पाकिस्तान हॉकी महासंघ (PHF) ने सुरक्षा कारणों का हवाला देकर खिलाड़ियों को भेजने पर सहमति नहीं दी है। अगर पाकिस्तान अगले कुछ दिनों में भागीदारी की पुष्टि नहीं करता है, तो उसकी जगह बांग्लादेश की टीम को बुलाया जा सकता है।
हॉकी इंडिया के एक अधिकारी ने कहा कि अगले 48 घंटों में स्थिति पूरी तरह से साफ हो जाएगी। उन्होंने कहा कि,
“भारत सरकार ने वीजा को लेकर कोई दिक्कत नहीं बताई है। अब फैसला पाकिस्तान हॉकी महासंघ को करना है। अगर वे भारत नहीं आना चाहते तो यह उनकी अपनी समस्या है। हमने पहले से ही बांग्लादेश को विकल्प के तौर पर आमंत्रित किया है, लेकिन हमें उनकी भी आधिकारिक पुष्टि का इंतजार करना होगा।”
इस बार एशिया कप में कुल आठ टीमें हिस्सा लेंगी। इनमें मेजबान भारत के अलावा चीन, जापान, मलेशिया, दक्षिण कोरिया, ओमान और चीनी ताइपे शामिल हैं। अगर पाकिस्तान नहीं आता है, तो उसकी जगह बांग्लादेश की टीम को जोड़ा जाएगा।
हाल ही में पहलगाम में हुए आतंकी हमले और भारत-पाकिस्तान के बीच तनाव के बाद यह आशंका और गहरी हो गई कि पाकिस्तान की टीम भारत आने से बच सकती है। हालांकि खेल को राजनीति से अलग रखने की बात बार-बार कही जाती है, लेकिन सुरक्षा को लेकर उठे सवालों ने टूर्नामेंट पर असर डाला है।
अब सबकी निगाहें अगले दो दिनों पर टिकी हुई हैं। पाकिस्तान अगर टूर्नामेंट में नहीं आता है तो बांग्लादेश को बड़ा मौका मिलेगा। वहीं, भारत और बाकी टीमें पूरी तैयारी में जुटी हुई हैं क्योंकि यह टूर्नामेंट न सिर्फ एशियाई चैंपियन तय करेगा बल्कि विश्व कप 2026 के लिए टिकट भी देगा।

