Site icon CHANNEL009

6-0 से मिली करारी हार के बाद भावुक हुए नेमार, मैदान पर छलक पड़े आंसू

ब्राजील की शीर्ष फुटबॉल लीग में रविवार को खेले गए एक मुकाबले ने फुटबॉल फैंस को हैरान कर दिया। इस मैच में नेमार के बचपन का क्लब सैंटोस वास्को डा गामा के खिलाफ 6-0 से हार गया। इस हार के बाद ब्राजील के स्टार खिलाड़ी नेमार अपनी भावनाओं पर काबू नहीं रख पाए और मैदान पर ही उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े।

इस शर्मनाक हार के तुरंत बाद सैंटोस क्लब ने अपने कोच क्लेबर जेवियर को भी हटा दिया। जेवियर को इसी साल अप्रैल में टीम का कोच बनाया गया था। लगातार खराब प्रदर्शन के बाद यह फैसला लिया गया। इस हार के बाद सैंटोस की टीम लीग तालिका में 15वें स्थान पर पहुंच गई है और उस पर रेलीगेशन (निचली लीग में जाने) का खतरा मंडराने लगा है।

इस मैच में वास्को डा गामा के खिलाड़ी फिलिपे कोटिन्हो ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो गोल दागे। पूरे मैच में सैंटोस की टीम पूरी तरह बैकफुट पर नजर आई। मैच खत्म होने के बाद साथी खिलाड़ियों और क्लब स्टाफ ने मैदान पर ही नेमार को संभालने की कोशिश की।

33 साल के नेमार यूरोप के बड़े क्लब बार्सिलोना और पेरिस सेंट-जर्मेन (PSG) के लिए खेल चुके हैं। बाद में उन्होंने सऊदी अरब में भी खेला लेकिन वहां बड़ी सफलता हासिल नहीं कर पाए। इसके बाद वे अपने बचपन के क्लब सैंटोस लौट आए। जून 2025 में उन्होंने क्लब के साथ अनुबंध बढ़ाया था और साल के अंत तक टीम के साथ बने रहने का वादा किया था। सैंटोस फुटबॉल क्लब का नाम ब्राजील की महान हस्ती पेले से भी जुड़ा है, जिन्होंने लंबे समय तक इस टीम का प्रतिनिधित्व किया था।

नेमार के करियर में कई उपलब्धियां रही हैं। उन्होंने 2013 में ब्राजील को कन्फेडरेशन कप और 2016 में ओलंपिक गोल्ड मेडल दिलाया। इसके बावजूद वह अब तक अपनी राष्ट्रीय टीम को फीफा वर्ल्ड कप या कोपा अमेरिका का खिताब नहीं दिला पाए हैं। 2021 के कोपा अमेरिका फाइनल में उनकी टीम को लियोनेल मेसी की अर्जेंटीना ने 1-0 से हरा दिया था।

फुटबॉल विशेषज्ञों का मानना है कि 2026 का वर्ल्ड कप नेमार के करियर का आखिरी बड़ा टूर्नामेंट हो सकता है और वे अपनी टीम को ट्रॉफी दिलाने के लिए हर संभव कोशिश करेंगे।

Exit mobile version