मौसम में बदलाव
मौसम विभाग के अनुसार, एक नया वेस्टर्न डिस्टर्बेंस 8 दिसंबर से उत्तर भारत के मैदानी और पहाड़ी इलाकों को प्रभावित करेगा। इसके चलते पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बारिश की संभावना है। पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में भी मौसम में बदलाव आएगा।
ठंड बढ़ेगी, कोहरा और हवाएं भी
आईएमडी के पूर्वानुमान के अनुसार, आने वाले दिनों में यूपी के कई हिस्सों में अलसुबह या देर रात कोहरा छा सकता है। साथ ही, 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। खासतौर पर 8 और 9 दिसंबर को यूपी के पश्चिमी इलाकों में बारिश की संभावना है।
कम दबाव का क्षेत्र बंगाल की खाड़ी में
बंगाल की खाड़ी में 7 दिसंबर को कम दबाव का क्षेत्र बन रहा है, जिससे मौसम में और बदलाव हो सकता है। मौसम वैज्ञानिक प्रोफेसर मनोज कुमार श्रीवास्तव के अनुसार, यह पश्चिमी विक्षोभ 8 दिसंबर को उत्तर पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों को प्रभावित करेगा। इसके बाद तापमान में गिरावट आएगी और ठंड बढ़ेगी।
मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की सलाह दी है, खासकर उन इलाकों में जहां बारिश और कोहरे का असर अधिक हो सकता है। यह बदलाव कृषि, यातायात और जनजीवन पर असर डाल सकता है।