छत्तीसगढ़ के बालोद, गुरुर और डौंडी क्षेत्र की 60-70 गांव की महिलाओं को लालच देकर ठग लिया गया। माइक्रो फाइनेंस कंपनी ने महिला समूहों के नाम पर लोन दिलाया और अब उन पर कर्ज का बोझ डाल दिया है।
कैसे हुई ठगी?
पीड़ित महिलाओं का कहना है कि एक व्यक्ति, जो टाई लगाकर गांव आता था, महिला समूहों से संपर्क करता था। वह कहता था कि महिलाओं को केवल लोन निकालकर उसे देना है, और किश्तें वह खुद बैंक में जमा करेगा। इसके बदले, महिलाओं को 5 से 10 हजार रुपये देने का लालच दिया गया।
सैकड़ों महिलाएं बनीं शिकार
नरागांव, नर्रा, खरथुली और गुरुर ब्लॉक के अन्य गांवों की महिलाओं ने 30 हजार से लेकर 1-2 लाख रुपये तक लोन निकाला। इस तरह सैकड़ों महिलाओं से करोड़ों रुपये की ठगी की गई।
बैंक भेज रहा नोटिस, परिवारों में तनाव
अब बैंक, जिनके नाम पर लोन लिया गया है, उन्हें नोटिस भेज रहा है। कई महिलाओं ने यह बात अपने परिवार वालों को नहीं बताई थी। नोटिस मिलने के बाद घरों में तनाव बढ़ गया है।
पुलिस कर रही जांच
पीड़ित महिलाओं ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। एएसपी बालोद अशोक कुमार जोशी ने बताया कि मामले की जांच जारी है। ठगी करने वाला व्यक्ति फिलहाल कोई जवाब नहीं दे रहा है।
महिलाएं मांग रही न्याय
अब महिलाएं पुलिस की शरण में पहुंचकर न्याय की मांग कर रही हैं। शिवसेना के सदस्यों ने उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा से शिकायत की है। पुलिस कार्रवाई में जुटी हुई है।