भाजपा पार्षद लेंगे शपथ, कांग्रेस दूर रहेगी
इस समारोह में सिर्फ भाजपा के महापौर और 30 पार्षद ही शपथ लेंगे, जबकि कांग्रेस के 16 पार्षद इसमें शामिल नहीं होंगे। कांग्रेस का कहना है कि यह कार्यक्रम भाजपा का है और वे नगर निगम सदन की बैठक में शपथ लेंगे या प्रशासन उनके लिए अलग से व्यवस्था करेगा तो वहां शपथ लेंगे।
खास होगा यह शपथ ग्रहण समारोह
- यह दूसरी बार है जब नगर निगम का शपथ ग्रहण खुले मैदान में हो रहा है। इससे पहले किरण देव के समय हाता ग्राउंड में ऐसा हुआ था।
- समारोह में डिप्टी सीएम अरुण साव मुख्य अतिथि होंगे, और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व विधायक किरण सिंह देव इसकी अध्यक्षता करेंगे।
- कार्यक्रम में भाजपा के कई बड़े नेता शामिल होंगे।
- करीब 5000 लोगों को निमंत्रण भेजा गया है।
समारोह की तैयारियां पूरी
शपथ ग्रहण समारोह की तैयारी को लेकर गुरुवार शाम भाजपा कार्यालय में बैठक हुई। इसमें महापौर संजय पांडे, भाजपा जिला अध्यक्ष वेद प्रकाश पांडे, पूर्व अध्यक्ष रूपसिंह मंडावी, मंडल अध्यक्ष प्रकाश झा समेत कई नेता और पार्षद शामिल हुए।
वीआईपी और आम जनता के लिए विशेष व्यवस्था
- गुरुनानक चौक से आगे और सिरहासार चौक से मंदिर की ओर जाने वाली सड़क को ब्लॉक किया जाएगा।
- वीआईपी के लिए अलग एंट्री होगी, जबकि आम लोगों के लिए सिरहासार चौक से आने की व्यवस्था की गई है।
- समारोह स्थल पर एलईडी स्क्रीन भी लगाई जाएगी, ताकि दूर से भी लोग देख सकें।
महापौर बोले – यह शहर के विकास की शुभ शुरुआत
महापौर संजय पांडे ने कहा कि यह शहर के विकास की शुभ शुरुआत है और किसी भी शुभ काम से पहले वैदिक परंपराओं का पालन किया जाता है। कांग्रेस पार्षदों को भी आमंत्रण भेजा गया, लेकिन आना या न आना उनका फैसला है।
कांग्रेस का जवाब – यह सरकारी नहीं, भाजपा का कार्यक्रम है
कांग्रेस का कहना है कि अगर यह सरकारी कार्यक्रम होता तो वे भी शपथ लेते। लेकिन यह पूरी तरह भाजपा का कार्यक्रम बन चुका है, इसलिए वे इसमें शामिल नहीं होंगे। अगर प्रशासन अलग व्यवस्था करे तो वे शपथ लेंगे।