
जोधपुर

आने वाले कुछ दिनों में जोधपुर का तापमान 43 से 45 डिग्री तक रहेगा और लू चलेगी। तापमान 47 डिग्री तक पहुंचने की उम्मीद है।
विस्तार
सूर्यनगरी जोधपुर में गर्मी ने कहर ढाया हुआ है। शुक्रवार को दिन का तापमान इस सीजन में दूसरी बार 43 डिग्री तक पहुंचा। तेज धूप से लोगों का हाल बेहाल हो गया। सुबह से ही तेज धूप और गर्मी की वजह से लोग बाहर नहीं निकल पा रहे थे। सड़कों पर सन्नाटा छाया रहा। कई वाहन चालकों ने अपने चेहरे पर रूमाल बांधा और लू से बचने के लिए छाते लेकर निकले।
दोपहर डेढ़ बजे तक तेज धूप थी, लेकिन अचानक लूणी में मौसम बदल गया। ठंडी हवा के साथ घने बादल छा गए और दोपहर दो बजे झमाझम बारिश शुरू हो गई। लूणी के आसपास के क्षेत्रों में भी बादल छा गए और जोधपुर शहर के कई हिस्सों में बारिश हुई।
47 डिग्री तक पहुंच सकता है तापमान
मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार से जोधपुर में तापमान बढ़ता रहेगा। दोपहर में अधिकतम तापमान 47 डिग्री तक पहुंच सकता है। आने वाले कुछ दिनों में जोधपुर का तापमान 43 से 45 डिग्री के बीच रहेगा और लू चलेगी।