Site icon Channel 009

हर घर तिरंगा अभियान: सीएम भजनलाल ने बदली प्रोफाइल फोटो, सांसद करेंगे बाइक रैली

आज़ादी के 75वें वर्ष पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा शुरू किए गए ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को इस साल भी बड़े स्तर पर मनाने की तैयारी हो रही है। आज सीएम भजनलाल शर्मा ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट की प्रोफाइल पिक्चर तिरंगे से बदलकर लोगों से अपने घरों पर तिरंगा लगाने का आग्रह किया है।

सीएम ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की प्रेरणा से प्रेरित होकर उन्होंने अपनी प्रोफाइल फोटो बदली है और सभी से अनुरोध किया है कि वे भी ऐसा करें और तिरंगे का सम्मान करें। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को लेकर केंद्र सरकार 7 दिन और राज्य सरकार 3 दिन तक यह अभियान चलाएगी।

अभियान 13 से 15 अगस्त तक चलेगा। इस दौरान राजस्थान सरकार तिरंगा यात्रा, तिरंगा रैली, तिरंगा दौड़, मैराथन, तिरंगा कॉन्सर्ट्स, तिरंगा कैनवास, तिरंगा प्लेज, तिरंगा सेल्फी, तिरंगा ट्रिब्यूट और तिरंगा मेलों का आयोजन करेगी। राज्य सरकार ने अधिकारियों को पर्याप्त झंडों की व्यवस्था के निर्देश दिए हैं।

देशभर में भी इस अभियान को बड़े पैमाने पर मनाया जा रहा है। केंद्रीय संस्कृति और पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने बताया कि पहले साल 23 करोड़ से अधिक घरों में तिरंगा फहराया गया था और 6 करोड़ लोगों ने सोशल मीडिया पर तिरंगे के साथ सेल्फी डाली थी। 2023 में 10 करोड़ लोगों ने सेल्फी अपलोड की। इस साल भी देशभर में तिरंगा उत्सव के दौरान कई कार्यक्रम आयोजित होंगे। 13 अगस्त को सांसदों द्वारा भारत मंडपम से नेशनल स्टेडियम तक तिरंगा बाइक रैली का आयोजन किया जाएगा।

Exit mobile version