यह ऑपरेशन सिविल डिफेंस की टीम ने सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए देर रात को अंजाम दिया। हालांकि, इस दौरान टीम को कुछ लोगों के आक्रोश का भी सामना करना पड़ा। डिप्टी कंट्रोलर सिविल डिफेंस अमित कुमार ने बताया कि करीब 10 से अधिक परिवारों को सुरक्षित जगह पर शिफ्ट किया गया है। इन घरों में पानी भरने से जान-माल का खतरा बढ़ गया था, इसलिए यह कदम उठाया गया।
टीम रात 8 बजे मौके पर पहुंची और पुलिस और प्रशासन की मदद से पानी भरे घरों की पहचान की। वहां रह रहे लोगों को समझाइश के बाद बाहर निकाला गया और सभी को जवाहर नगर के सामुदायिक केंद्र में शिफ्ट किया गया। जिला प्रशासन ने उनके रहने और खाने की व्यवस्था की है।
मौसम विभाग का अलर्ट जारी
राजधानी जयपुर और आसपास के इलाकों में कई जगहों पर जलभराव की स्थिति बनी हुई है। जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर है और रेस्क्यू टीमें सक्रिय होकर काम कर रही हैं। मौसम विभाग ने आज भी कई इलाकों में तेज बारिश की संभावना जताई है, इसलिए पानी भराव वाले क्षेत्रों में रह रहे लोगों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया जा रहा है। जवाहर नगर, भट्टा बस्ती, गलतागेट, और जवाहर नगर टीला के आसपास की कॉलोनियों में सिविल डिफेंस की टीमें लोगों को बाहर निकाल कर सुरक्षित स्थानों पर ले जा रही हैं।