उपेन यादव ने बताया कि 3100 फीट लंबा तिरंगा बनवाने में काफी समय लगा। देश में हर घर तिरंगा अभियान चल रहा था, और कुछ नया करने के उद्देश्य से उन्होंने इस तिरंगा यात्रा की शुरुआत की। शाहपुरा के मंडी परिसर से लेकर पिपली तिराहे तक निकली इस तिरंगा यात्रा में सैकड़ों लोग शामिल हुए। भारत माता के जयकारे लगाते हुए लोगों ने सड़कों पर इस विशाल तिरंगे को लेकर यात्रा की, और वहां मौजूद लोगों ने भी उनका उत्साहवर्धन किया।
इससे पहले मनोहरपुर कस्बे में भी उपेन यादव के नेतृत्व में तिरंगा रैली निकाली गई थी, जिसमें बड़ी संख्या में युवाओं ने भाग लिया। उपेन यादव ने बताया कि इस तिरंगे को कहीं फहराया नहीं गया, बल्कि बाद में इसे ससम्मान रख दिया गया।
उल्लेखनीय है कि इस बार देशभर में हर घर तिरंगा अभियान चलाया गया था, जिसमें राजस्थान के हर शहर में तिरंगा यात्राएं निकाली गईं। प्रशासनिक और निजी स्तर पर लोगों ने इस अभियान को बढ़ावा दिया, और कई जगहों पर सरकारी विद्यालय के बच्चों ने रैलियां निकालकर हर घर तिरंगा लगाने का संदेश दिया।