जयपुर। दादी सेविका अरुणा दीदी के मार्गदर्शन में मंगलवार, 27 अगस्त को नारायणी दीदी सेवा संघ का 12वां वार्षिकोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा। इस आयोजन में मां राणी सती का दरबार सवा लाख लड्डुओं से सजाया जाएगा और 1300 से अधिक महिलाएं कलश यात्रा निकालेंगी।
मां राणी सती का भव्य आयोजन
दादी सेविका अरुणा दीदी ने बताया कि झुंझुनूं जिले में स्थित राणी सती, जिन्हें भक्त दादी मां के नाम से भी जानते हैं, को कलियुग की दुर्गा के रूप में पूजा जाता है। नारायणी दीदी सेवा संघ पिछले 12 वर्षों से दादी मां की सेवा में सक्रिय है और इस बार का आयोजन सीकर रोड स्थित रामेश्वरम गार्डन में होगा।
संघ की सेवाएं और संकल्प
संघ ने पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ देहदान, नेत्रदान, रक्तदान, विद्यादान और अन्नदान का भी संकल्प लिया है। अब तक संघ ने 7,000 पीपल के पेड़ लगाए हैं और 13,000 पेड़ लगाने का लक्ष्य रखा है।
कार्यक्रम की विशेषताएं
आयोजन में नौ दुर्गाओं की झांकियां प्रदर्शित की जाएंगी। इसके अलावा अखण्ड ज्योत, महाकीर्तन, छप्पन भोग, और महाभंडारा भी आयोजित होगा। इस बार की कलश यात्रा में राजस्थान के विभिन्न जिलों के साथ-साथ कोलकाता, पटना और अन्य राज्यों से भी महिलाएं और भक्तगण शामिल होंगे।
साधु-संतों की उपस्थिति और पोस्टर का विमोचन
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में साधु-संत भी शामिल होंगे। अरुणा दीदी और संघ से जुड़े भक्तों ने वार्षिकोत्सव का पोस्टर भी जारी किया है, जिससे आयोजन की भव्यता का आभास होता है।