उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में भी राप्ती और रोहिन नदियां उफान पर हैं, और यहां 29 गांव बाढ़ के पानी में डूब चुके हैं। रेस्क्यू के लिए 85 नावें तैनात की गई हैं। गोरखपुर में इस साल पांच बार बाढ़ आई है, जबकि आमतौर पर यहां साल में एक बार बाढ़ आती थी। इसका मुख्य कारण नेपाल में हुई बारिश को माना जा रहा है।
दूसरी ओर, मध्य प्रदेश में गर्मी का दौर शुरू हो गया है। ग्वालियर और खजुराहो में तापमान 36 डिग्री के पार जा चुका है। भोपाल, गुना, दमोह, रीवा, और सतना-टीकमगढ़ में भी तापमान 35 डिग्री से अधिक रिकॉर्ड किया गया है।
राजस्थान के गंगानगर में शुक्रवार को दिन में तापमान 39.9 डिग्री तक पहुंच गया। जयपुर में 36.2 डिग्री और चूरू में 38.3 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया। हालांकि, रात के समय तापमान में गिरावट देखी गई है।