
पप्पू यादव ने कहा है कि कोर्ट उन्हें फरार बता रही है, जबकि पटना पुलिस के पास उनकी पूरी जानकारी मौजूद है। उन्होंने इस संबंध में पटना के एसएसपी को एक पत्र लिखा है, जिसे उन्होंने सार्वजनिक भी किया है।
पप्पू यादव के सचिव ने बताया कि सांसद का हर कार्यक्रम सार्वजनिक रहता है। पटना में रहने के दौरान उनका दैनिक कार्यक्रम सुरक्षा व्यवस्था के लिए बिहार के DGP और पटना SSP को भेजा जाता है। ऐसे में सवाल उठता है कि जब पुलिस के पास उनकी पूरी जानकारी है, तो उन्हें फरार कैसे बताया जा सकता है।
क्या है कोर्ट का आदेश
कोर्ट के आदेश के बावजूद पेश नहीं होने पर पप्पू यादव समेत तीन लोगों के खिलाफ कुर्की-जब्ती का आदेश जारी किया गया है। यह मामला धोखाधड़ी कर मकान किराए पर लेने के आरोप से जुड़ा है।
इससे पहले कोर्ट ने तीनों की मौजूदगी सुनिश्चित करने के लिए गिरफ्तारी वारंट और इश्तिहार भी जारी किए थे। इस मामले में पप्पू यादव के साथ शैलेंद्र प्रसाद और चंद्र नारायण प्रसाद भी आरोपी हैं, जिन्हें कोर्ट की कार्रवाई में शामिल न होने का दोषी माना गया है।
आज हो सकती है जमानत पर सुनवाई
पप्पू यादव की जमानत याचिका पर आज सुनवाई होने की संभावना है। गिरफ्तारी के बाद से वे पटना के बेऊर जेल में बंद हैं।
सोमवार को सुनवाई होनी थी, लेकिन पटना सिविल कोर्ट में बम होने की सूचना के कारण सुनवाई टल गई थी, जिसे अब मंगलवार के लिए रखा गया है।
