भारत और इंग्लैंड के बीच चल रही टेस्ट सीरीज का आखिरी यानी पांचवां मुकाबला बहुत अहम माना जा रहा है, लेकिन इससे भी बड़ी खबर यह है कि टीम इंडिया के कोचिंग स्टाफ में जल्द ही बड़ा बदलाव हो सकता है।
द टेलीग्राफ की रिपोर्ट के अनुसार, भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने यह तय कर लिया है कि चाहे भारत यह टेस्ट मैच जीते या हारे, कुछ कोचों की छुट्टी तय है। रिपोर्ट्स के अनुसार, गेंदबाजी कोच मोर्ने मोर्केल और सहायक कोच रयान टेन डोश्टे पर सबसे ज्यादा गाज गिर सकती है।
बीसीसीआई इन दोनों कोचों को हटाने में ज्यादा देर नहीं करना चाहता। माना जा रहा है कि एशिया कप 2025, जो कि सितंबर में खेला जाएगा, उससे पहले ही यह बदलाव कर दिए जाएंगे। बोर्ड चाहता है कि भारत की अगली घरेलू टेस्ट सीरीज से पहले एक नई कोचिंग टीम तैयार हो जाए। गौर करने वाली बात यह है कि मोर्ने मोर्केल और रयान टेन डोश्टे को टीम इंडिया के नए हेड कोच गौतम गंभीर की सिफारिश पर टीम में शामिल किया गया था। लेकिन इन दोनों की परफॉर्मेंस खासकर टेस्ट क्रिकेट में काफी निराशाजनक रही है। न तो बॉलिंग यूनिट में स्थिरता नजर आई, न ही प्लेइंग स्ट्रैटेजी में कोई ठोस सुधार देखने को मिला।
BCCI अब ऐसे कोचों को लाने की तैयारी में है जो भारत की मजबूत टेस्ट टीम बनाने में योगदान दे सकें। साथ ही, फिटनेस, रणनीति और प्रदर्शन तीनों क्षेत्रों में सुधार हो। यह बदलाव भारत में ही होने वाली अगली टेस्ट सीरीज से पहले किए जाएंगे, ताकि टीम नई शुरुआत कर सके।

