भोजशाला मामले में हाईकोर्ट का बड़ा फैसला
मध्यप्रदेश हाईकोर्ट ने भोजशाला को वाग्देवी का मंदिर माना, लंबे समय से चल रहे विवाद पर अहम टिप्पणी
मध्यप्रदेश की चर्चित भोजशाला को लेकर हाईकोर्ट ने बड़ा फैसला सुनाया है। अदालत ने अपने निर्णय में भोजशाला को वाग्देवी का मंदिर माना है।
यह फैसला पांच अलग-अलग याचिकाओं और तीन इंटरवेंशन आवेदन पर लंबी सुनवाई के बाद आया। मामले को लेकर लंबे समय से कानूनी और सामाजिक बहस चल रही थी, जिस पर अब हाईकोर्ट ने अहम टिप्पणी की है।
सुनवाई के दौरान दोनों पक्षों ने ऐतिहासिक दस्तावेज, पुरातात्विक रिपोर्ट और धार्मिक दावों से जुड़े कई तर्क अदालत के सामने रखे थे। कोर्ट ने सभी पक्षों की दलीलें सुनने के बाद यह फैसला दिया।
भोजशाला को लेकर वर्षों से विवाद बना हुआ है और हर बार यहां पूजा और नमाज को लेकर प्रशासन को विशेष व्यवस्था करनी पड़ती रही है।
फैसले के बाद धार और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों से बचने की अपील की है।
इस फैसले को लेकर राजनीतिक और सामाजिक संगठनों की प्रतिक्रियाएं भी सामने आने लगी हैं।

