
प्लेटफॉर्म पर शुरू हुई प्रसव पीड़ा
सोमवार रात महिला नीतू कौर, जो प्रयागराज से अपने ससुराल ग्राम नगला गोला हेलक आ रही थीं, जैसे ही सियालदाह एक्सप्रेस से भरतपुर स्टेशन पर उतरीं, उन्हें अचानक तेज प्रसव पीड़ा होने लगी। दर्द के चलते वह प्लेटफॉर्म पर ही लेट गईं।
RPF जवानों ने तुरंत की मदद
प्लेटफॉर्म नंबर दो पर गश्त कर रहे एएसआई अजय प्रताप सिंह, प्रधान आरक्षक सुमरन सिंह और आरक्षक मोनू ने महिला की हालत देखी और तुरंत मदद के लिए आगे आए। उन्होंने चादरों से घेरा बनाकर महिला की गोपनीयता बनाए रखी और वहीं मौजूद अन्य महिला यात्रियों की मदद से महिला का सुरक्षित प्रसव कराया।
समय पर पहुंची एम्बुलेंस
जैसे ही स्थिति गंभीर हुई, जवानों ने तुरंत एम्बुलेंस को फोन किया। प्रसव के कुछ देर बाद ही एम्बुलेंस स्टेशन पहुंची। एम्बुलेंस स्टाफ रंजीत सिंह की मदद से महिला और नवजात को जनाना अस्पताल भेजा गया, जहां दोनों की हालत स्वस्थ बताई गई है।
मानवता की मिसाल बनी RPF
RPF के जवानों ने सिर्फ सुरक्षा नहीं, बल्कि समय पर मदद और संवेदनशीलता दिखाकर यह साबित कर दिया कि वे हर परिस्थिति में जनता के साथ हैं। स्टेशन पर बच्चे का जन्म और RPF की तत्परता की यह घटना प्रेरणा देने वाली है।
