
मुंबई से जयपुर आ रही थी फ्लाइट
एयरपोर्ट सूत्रों के अनुसार एयर इंडिया की फ्लाइट AI-2781 दोपहर 1 बजकर 9 मिनट पर जयपुर एयरपोर्ट पर लैंड करने वाली थी। लैंडिंग के समय पायलट को स्थिति सही नहीं लगी, जिसे तकनीकी भाषा में अस्थिर अप्रोच कहा जाता है। ऐसे में पायलट ने तुरंत विमान को दोबारा उड़ाने का फैसला लिया।
11 मिनट तक हवा में घूमती रही फ्लाइट
रनवे को छूते ही पायलट ने विमान को वापस ऊपर उठा लिया। इसके बाद फ्लाइट करीब 11 मिनट तक हवा में चक्कर लगाती रही। दोपहर 1 बजकर 21 मिनट पर पायलट ने दोबारा लैंडिंग की कोशिश की, जो सफल रही। इसके बाद यात्रियों ने राहत की सांस ली।
पहले भी हो चुकी हैं ऐसी घटनाएं
बताया जा रहा है कि जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर पहले भी कई बार लैंडिंग फेल होने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। इस वजह से यात्रियों में डर और चिंता बढ़ जाती है।
कई फ्लाइट्स भी रहीं लेट
इधर, गुरुवार को जयपुर एयरपोर्ट पर मुंबई, पुणे, अहमदाबाद, सूरत और दिल्ली सहित कई शहरों से आने-जाने वाली आधा दर्जन से ज्यादा फ्लाइट्स देरी से चलीं। इससे यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
