जयपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) के अधिकारियों ने रविवार को छुट्टी के दिन भी अवैध निर्माण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। जेडीए की टीम ने जोन 12 में झोटवाड़ा स्थित कृषि भूमि पर बनाए गए अवैध स्कूल और दो फैक्ट्रियों को सीज कर दिया।
अवैध निर्माण पर नोटिस के बाद भी कार्रवाई
जेडीए अधिकारियों ने बताया कि अवैध निर्माण करने वालों को पहले नोटिस जारी कर समय दिया गया था, लेकिन उन्होंने अवैध निर्माण नहीं हटाया। इसके बाद जेडीए की टीम ने सीज की कार्रवाई को अंजाम दिया।
झोटवाड़ा में कृषि भूमि पर अवैध स्कूल और फैक्ट्री
जेडीए के मुख्य प्रवर्तन अधिकारी ने बताया कि जोन 12 स्थित झोटवाड़ा क्षेत्र में कृषि भूमि पर व्यवसायिक गतिविधियां की जा रही थीं। इसके खिलाफ नांगल जैसा बोहरा क्षेत्र में किड्स ओरिजिनल स्कूल कैंपस को सीज किया गया है। साथ ही, इंदौरा नगर में अवैध रूप से संचालित कपड़ों की फैक्ट्री को भी सीज किया गया। यहां दरवाजे पर ईंटों की दीवार बनाकर अवैध निर्माण को सीज कर दिया गया।
मुरलीपुरा में भी एक्शन
जेडीए की टीम ने मुरलीपुरा इलाके में नीलगिरी कॉलोनी में अवैध रूप से कृषि भूमि पर बनाई गई गत्ता फैक्ट्री को भी सीज किया। यहां भी अवैध निर्माणकर्ता को नोटिस जारी कर फैक्ट्री हटाने की मोहलत दी गई थी। जब निर्माणकर्ता ने समय रहते अवैध निर्माण को नहीं हटाया, तो जेडीए की टीम ने दरवाजे पर दीवार बनाकर अवैध फैक्ट्री को सीज कर दिया। इसका खर्चा अवैध निर्माणकर्ता से ही वसूला जाएगा।
CHANNEL009 Connects India
