Breaking News

भीलवाड़ा सर्राफा बाजार में बड़ी कार्रवाई, पहली बार चला बुलडोजर

भीलवाड़ा के पुराने सर्राफा बाजार में सोमवार को नगर निगम ने बड़ी कार्रवाई की। करीब 100 साल के इतिहास में पहली बार यहां बुलडोजर चलाया गया। अतिक्रमण हटाने की इस मुहिम से बाजार में हड़कंप मच गया। कई व्यापारियों ने खुद ही अपनी दुकानों के बाहर किए गए कब्जे हटाने शुरू कर दिए।


खुद हटाने लगे अतिक्रमण

नगर निगम की टीम पहुंचते ही कई दुकानदार कटर, हथौड़े और अन्य औजार लेकर अपने टीन शेड, प्लेटफॉर्म और अन्य कब्जे हटाने में जुट गए। कुछ लोग प्रशासन द्वारा गिराए गए मलबे को भी खुद साफ करने लगे। बड़ा मंदिर से सांगानेरी गेट तक कई जगह लोग कार्रवाई शुरू होने से पहले ही अतिक्रमण हटाने लगे।


विरोध भी हुआ, लेकिन कार्रवाई जारी रही

कुछ व्यापारियों ने कार्रवाई का विरोध किया, लेकिन नगर निगम का बुलडोजर नहीं रुका। बुजुर्गों का कहना है कि इतनी बड़ी कार्रवाई पहली बार हुई है। उनका मानना है कि इससे बाजार में आवाजाही आसान होगी और जाम की समस्या कम होगी।


अन्य क्षेत्रों में भी हटाए गए कब्जे

नगर निगम ने पांसल चौराहा क्षेत्र में भी दुकानों के बाहर लगे होर्डिंग्स, बैनर और टीन शेड हटाए। कुछ केबिन और फर्नीचर भी जब्त किए गए।


शिकायतों के बाद लिया गया फैसला

नगर निगम आयुक्त ने बताया कि सर्राफा बाजार में बढ़ते अतिक्रमण को लेकर लोगों की कई शिकायतें मिली थीं। पहले भी दुकानदारों को चेतावनी दी गई थी। जिला प्रशासन के निर्देश पर शहर के प्रमुख बाजारों को अतिक्रमण मुक्त करने के अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई।

भीमगंज थाना से लेकर सर्राफा बाजार और सांगानेरी गेट तक अतिक्रमण हटाने की योजना बनाई गई है।


व्यापारियों ने किया समर्थन

सर्राफा एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने कहा कि यह कदम स्वागत योग्य है। सड़कों को चौड़ा करना और कब्जों से मुक्त करना जरूरी था, ताकि बाजार में ट्रैफिक और भीड़ की समस्या कम हो सके।

इस कार्रवाई से पुराने भीलवाड़ा के इस व्यस्त बाजार में व्यवस्था सुधारने की उम्मीद जताई जा रही है।

About admin

Check Also

गैस की किल्लत और कालाबाजारी के विरोध में आप का प्रदर्शन, राष्ट्रपति के नाम दिया ज्ञापन

जौनपुर में घरेलू गैस सिलेंडर की कमी और बढ़ती कीमतों के विरोध में आम आदमी …

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Channel 009
help Chat?