Related Articles
राजधानी में पिछले 24 घंटों के दौरान कई सड़क हादसे हुए। काशीराम नगर, राजेंद्र नगर और नवा रायपुर में हुई दुर्घटनाओं में एक युवक की मौत हो गई, जबकि कुछ लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
महिला को बचाने गया, ट्रक ने कुचल दिया
काशीराम नगर के पास रिंग रोड नंबर-1 पर दर्दनाक हादसा हुआ। बारिश के कारण सड़क फिसलन भरी थी। एक महिला स्कूटी से गिरकर बीच सड़क पर आ गई। एक युवक उसे बचाने के लिए आगे बढ़ा और महिला को सुरक्षित किनारे कर दिया।
इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार ट्रक आ गया और युवक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई। ट्रक महिला की स्कूटी को भी दूर तक घसीटता ले गया।
ट्रक डिवाइडर से टकराया, लगा जाम
रिंग रोड-1 पर ही एक और हादसे में ट्रक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गया। यह घटना कुशालपुर पुल के ऊपर हुई। हादसे के बाद लंबा जाम लग गया। पुलिस ने वाहनों को पुल के नीचे से डायवर्ट किया। दो क्रेन की मदद से ट्रक को हटाया गया, तब जाकर यातायात सामान्य हो सका।
नवा रायपुर में कार पेड़ों के बीच फंसी
नवा रायपुर में देर रात एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर हवा में उछल गई और दो पेड़ों के बीच फंस गई। इस हादसे में कार चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल की पहचान एक डॉक्टर के रूप में हुई है।
इन घटनाओं के बाद पुलिस ने लोगों से सावधानी बरतने और तेज रफ्तार से बचने की अपील की है।
CHANNEL009 Connects India
