Related Articles
मध्य प्रदेश मेडिकल साइंस यूनिवर्सिटी में दीक्षांत समारोह की तैयारियों को लेकर बुधवार को कार्य परिषद की बैठक हुई। इसमें कार्यक्रम की रूपरेखा तय की गई। समारोह घंटाघर स्थित नेताजी सुभाषचंद्र बोस कल्चरल एंड इन्फॉर्मेशन सेंटर में आयोजित होगा।
दीक्षांत समारोह की तैयारियां जोरों पर
बैठक में मंच व्यवस्था, साज-सज्जा, अतिथियों के आमंत्रण और छात्र-छात्राओं के पहनावे पर चर्चा की गई। कुलपति डॉ. अशोक खंडेलवाल ने समारोह के बेहतर संचालन के लिए हाई स्टीयरिंग कमेटी बनाई है।
100 से ज्यादा स्टूडेंट्स को गोल्ड मेडल
एमयू के रजिस्ट्रार डॉ. पुष्पराज सिंह बघेल ने बताया कि इस दीक्षांत समारोह में 100 से अधिक स्टूडेंट्स को गोल्ड मेडल दिया जाएगा। इसकी सूची तैयार की जा रही है। बैठक में डॉ. पवन स्थापक, केके दुबे, डॉ. नवनीत सक्सेना, डॉ. परवेज सिद्दीकी, डॉ. योगेंद्र पहारिया, डॉ. उमेश शुक्ला, डॉ. बबीता श्रीवास्तव, डॉ. रविकांत श्रीवास्तव और डॉ. अंशुल राह भी शामिल रहे।
एमयू का दूसरा दीक्षांत समारोह
यह यूनिवर्सिटी का दूसरा दीक्षांत समारोह है, जो 3 मई को सुबह 11 बजे होगा। इससे पहले अगस्त 2022 में पहला दीक्षांत समारोह हुआ था। अगस्त 2022 से 31 मार्च 2025 के बीच पास हुए मेडिकल, आयुष और डेंटल कॉलेजों के टॉपर्स को गोल्ड मेडल दिए जाएंगे। ग्रेजुएशन, पोस्ट ग्रेजुएशन, पीजी-डिप्लोमा और सुपरस्पेशलिटी कोर्सेज के टॉपर्स को सम्मानित किया जाएगा।
ड्रेस कोड भी तय
दीक्षांत समारोह में स्टूडेंट्स के लिए ड्रेस कोड तय किया गया है। लड़के सफेद कुर्ता-पायजामा और लड़कियां क्रीम या ऑफ व्हाइट रंग की साड़ी पहनकर समारोह में भाग लेंगी।
CHANNEL009 Connects India
