Related Articles
बूंदी जिले के तालेड़ा क्षेत्र में स्थित सीतापुरा स्वामी विवेकानंद मॉडल विद्यालय में 9 वर्षीय छात्रा पर कुत्तों के हमले के मामले में शिक्षा विभाग ने जांच शुरू कर दी है। शुक्रवार को जांच टीम विद्यालय पहुंची, जिसमें ब्लॉक शिक्षा अधिकारी और उपखंड अधिकारी शामिल थे।
दीवार में छेद से अंदर आए कुत्ते
जांच अधिकारी ने बताया कि स्कूल की चारदीवारी ऊंची है, लेकिन बारिश का पानी निकालने के लिए दीवार में छेद बनाए गए हैं। इन्हीं छेदों से कुत्तों के अंदर आने की संभावना बताई गई है। दीवार के ऊपर से कुत्तों का आना संभव नहीं है।
टीम ने छात्रों और शिक्षकों के बयान लिए और रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेजने की बात कही। साथ ही स्कूल प्रशासन को सुरक्षा के लिए जरूरी निर्देश दिए गए।
छेद बंद करने के निर्देश
उपखंड अधिकारी ने बताया कि पानी निकासी के लिए बना छेद सुरक्षा के लिहाज से खतरा बन गया। टीम ने दीवार के छेद को बंद करने या उस पर जाली लगाने के निर्देश दिए, ताकि भविष्य में ऐसी घटना न हो।
घायल छात्रा का कोटा अस्पताल के आईसीयू में इलाज चल रहा है।
बेर की झाड़ियों बनी वजह
स्कूल की दीवार के पास बेर की झाड़ियां उगी हुई थीं। मध्यांतर में बच्चे बेर तोड़ने गए थे। इसी दौरान छात्रा तृप्ति सेन पर 3-4 आवारा कुत्तों ने हमला कर दिया।
विधानसभा में उठा मामला
विधायक हरीमोहन शर्मा ने इस घटना को विधानसभा में उठाया। उन्होंने बताया कि लंच के समय छात्रा पर कुत्तों ने हमला कर कई जगह काट लिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। फिलहाल वह कोटा के एमबीएस अस्पताल में भर्ती है।
उन्होंने कहा कि पहले भी ऐसे मामले सामने आ चुके हैं और इस समस्या के समाधान के लिए ठोस कदम उठाए जाने चाहिए।
CHANNEL009 Connects India
