नई दिल्ली: ईरान और इजरायल के बीच तनाव दिन-ब-दिन बढ़ता ही जा रहा है, और अब इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू का एक चौंकाने वाला बयान सामने आया है। एक इंटरव्यू में नेतन्याहू ने संकेत दिया है कि अगर ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई को सत्ता से हटाया जाता है, तो यह संघर्ष समाप्त हो सकता है।
नेतन्याहू ने ABC न्यूज से बातचीत में कहा कि इजरायल वही कदम उठा रहा है जो उसकी सुरक्षा के लिए जरूरी है। उन्होंने स्पष्ट किया, “मैं सारी रणनीति का खुलासा नहीं करूंगा, लेकिन हम पहले ही ईरान के कई शीर्ष परमाणु वैज्ञानिकों को टारगेट कर चुके हैं। ये वही लोग हैं जो हिटलर की तर्ज़ पर एक खतरनाक परमाणु परियोजना चला रहे थे।”
“संघर्ष खत्म करने की कुंजी – खामेनेई”
इजरायली प्रधानमंत्री ने कहा कि खामेनेई को निशाना बनाने से हालात और नहीं बिगड़ेंगे, बल्कि युद्ध का अंत हो सकता है। नेतन्याहू का मानना है कि ईरान की ओर से बातचीत और कूटनीति की पेशकशें केवल दुनिया को भ्रमित करने के लिए हैं, जबकि अंदरूनी स्तर पर वो इजरायल और अमेरिका के खिलाफ आक्रामक नीति पर ही कायम है।
“ईरान का एजेंडा अमेरिका तक पहुंच सकता है”
नेतन्याहू ने कहा कि ईरान सिर्फ इजरायल के लिए नहीं, बल्कि अमेरिका, यूरोप और अरब देशों के लिए भी गंभीर खतरा है। उन्होंने कहा, “वे लगातार ‘इजरायल की मौत’, ‘अमेरिका की मौत’ जैसे नारे लगाते हैं। अगर समय रहते इस खतरे से नहीं निपटा गया, तो यह जल्द ही अमेरिकी जमीन तक पहुंच सकता है।“
ट्रंप ने दी थी योजना पर रोक
इससे पहले खबरें आई थीं कि अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इजरायल की उस योजना को वीटो कर दिया था, जिसमें खामेनेई को निशाना बनाने की रणनीति पर काम हो रहा था। रॉयटर्स की एक रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिकी अधिकारियों का मानना था कि जब तक ईरान सीधे अमेरिकी नागरिकों को नुकसान नहीं पहुंचाता, तब तक वे ईरान के राजनीतिक नेतृत्व को निशाना बनाने का समर्थन नहीं करेंगे।
CHANNEL009 Connects India
