Breaking News

कड़ी सुरक्षा के बीच 19 केंद्रों पर हुई दरोगा भर्ती परीक्षा, 8160 में से 6047 अभ्यर्थी पहुंचे

उत्तर प्रदेश पुलिस दरोगा भर्ती परीक्षा शनिवार को बरेली जिले के 19 परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के साथ आयोजित की गई। पहली पाली की परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक हुई। परीक्षा शुरू होने से पहले अभ्यर्थियों की सख्त जांच की गई और बायोमेट्रिक सत्यापन के बाद ही उन्हें परीक्षा कक्ष में प्रवेश दिया गया।

तीन स्तर की जांच के बाद मिला प्रवेश

परीक्षा में किसी भी तरह की नकल या गड़बड़ी रोकने के लिए कड़े इंतजाम किए गए थे। परीक्षा केंद्रों के गेट पर अभ्यर्थियों की तीन बार जांच की गई। कई जगह अभ्यर्थियों के जूते और मोजे उतरवाकर भी तलाशी ली गई ताकि कोई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण अंदर न ले जाया जा सके। इसके बाद बायोमेट्रिक और पहचान सत्यापन के बाद ही प्रवेश दिया गया।

रेटिना मशीन खराब होने से थोड़ी परेशानी

कुछ परीक्षा केंद्रों पर रेटिना स्कैनिंग मशीन बार-बार खराब होने से अभ्यर्थियों को थोड़ी परेशानी हुई। हालांकि तकनीकी टीम ने मशीन ठीक कर प्रक्रिया दोबारा शुरू कर दी। जिले का सबसे बड़ा परीक्षा केंद्र बरेली कॉलेज रहा, जहां पांच अलग-अलग सेंटर बनाए गए थे। इसके अलावा कई स्कूल-कॉलेजों में भी परीक्षा आयोजित हुई।

2113 अभ्यर्थी रहे अनुपस्थित

पहली पाली में कुल 8160 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, लेकिन इनमें से 6047 अभ्यर्थी ही परीक्षा देने पहुंचे, जबकि 2113 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षा के बाद कई अभ्यर्थियों ने बताया कि प्रश्नपत्र अपेक्षाकृत आसान था और इस बार मेरिट ज्यादा जा सकती है।

परीक्षा के बाद शहर में लगा जाम

परीक्षा खत्म होने के बाद बड़ी संख्या में अभ्यर्थी एक साथ बाहर निकले, जिससे शहर के कई इलाकों में ट्रैफिक जाम लग गया। खासकर बरेली कॉलेज चौराहे के आसपास काफी देर तक यातायात प्रभावित रहा। पुलिस को जाम खुलवाने में काफी मेहनत करनी पड़ी।

बसों और ट्रेनों में भीड़

परीक्षा देने के लिए कई अभ्यर्थी दूसरे जिलों से भी आए थे। रोडवेज ने अतिरिक्त बसें चलाईं, फिर भी कई अभ्यर्थियों को इंतजार करना पड़ा। रेलवे ने भी करीब 10 ट्रेनों में अतिरिक्त कोच लगाए, लेकिन इसके बावजूद ट्रेनों में काफी भीड़ देखने को मिली।

दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर बाद

दरोगा भर्ती परीक्षा की दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित की जानी है। प्रशासन ने बताया कि परीक्षा को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से कराने के लिए सभी सुरक्षा इंतजाम जारी रहेंगे।

About admin

Check Also

गैस की किल्लत और कालाबाजारी के विरोध में आप का प्रदर्शन, राष्ट्रपति के नाम दिया ज्ञापन

जौनपुर में घरेलू गैस सिलेंडर की कमी और बढ़ती कीमतों के विरोध में आम आदमी …

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Channel 009
help Chat?