कराची: पाकिस्तान के कराची शहर से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। मलीर सेंट्रल जेल की दीवार सोमवार देर रात भूकंप के झटकों से कमजोर हो गई, जिसके बाद 200 से अधिक कैदी जेल से फरार हो गए। इस घटना के बाद सेना और रेंजर्स को अलर्ट पर रखा गया है, और जेल के पास गोलीबारी की भी पुष्टि हुई है।
भूकंप बना कैदियों की भगदड़ की वजह
स्थानीय प्रशासन के मुताबिक, कराची में सोमवार रात हल्के भूकंप के झटके महसूस किए गए थे। इसी दौरान जेल की एक दीवार क्षतिग्रस्त हो गई। कैदियों ने मौके का फायदा उठाते हुए उस हिस्से को पूरी तरह गिरा दिया और संगठित रूप से भाग निकले।
कैदियों ने छीने हथियार, की फायरिंग
स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, भागते समय कुछ कैदियों ने सुरक्षाकर्मियों से हथियार छीन लिए और फायरिंग शुरू कर दी। इस गोलीबारी में एक कैदी की मौत हो गई जबकि पांच अन्य घायल हो गए। इसके अलावा तीन एफसी (फ्रंटियर कॉर्प्स) जवानों को भी गोली लगी।
सेना का एक्शन, हाईवे सील
घटना के तुरंत बाद सेना और पुलिस ने इलाके को घेर लिया और मलीर जेल से सटे हाईवे को बंद कर दिया गया। सुरक्षाबलों ने फरार कैदियों की तलाश के लिए अलग-अलग जगहों पर बैरिकेड्स लगाए हैं और तलाशी अभियान तेज कर दिया गया है। अब तक करीब 73 फरार कैदियों को दोबारा हिरासत में लिया गया है, जबकि 9 संदिग्धों को पूछताछ के लिए पकड़ा गया है।
सिंध सरकार की सख्ती
सिंध प्रांत के कारागार मंत्री अली हसन ने इस घटना को गंभीर प्रशासनिक चूक करार दिया है। उन्होंने कहा कि,
“घटना की उच्चस्तरीय जांच की जाएगी। आईजी और डीआईजी जेल से रिपोर्ट मांगी गई है। दोषी अधिकारियों की पहचान कर उन पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।”
उन्होंने यह भी कहा कि “एक-एक फरार कैदी को वापस जेल में लाया जाएगा।”
CHANNEL009 Connects India
