Related Articles
डीडवाना-कुचामन जिले के कुचामन शहर में आज व्यापारियों और जनप्रतिनिधियों को मिल रही धमकियों के विरोध में शहर बंद रखा गया। बंद का असर पूरे शहर में देखने को मिला और सभी बाजार व व्यापारिक प्रतिष्ठान पूरी तरह बंद रहे। सभी व्यापार मंडलों ने इस बंद को समर्थन दिया।
धमकी के बाद सर्व समाज की बैठक
भाजपा नेता विजय सिंह पलाड़ा को रोहित गोदारा गैंग से जुड़े विरेंद्र चारण की ओर से जान से मारने की धमकी मिलने के बाद सर्व समाज की बैठक बुलाई गई। बैठक में शहर बंद रखने का फैसला लिया गया।
सुबह से ही दुकानें बंद रहीं। करीब 11 बजे लोग कनोई पार्क में इकट्ठा हुए और वहां से जुलूस निकालते हुए कुचामन पुलिस थाने तक पैदल मार्च किया। लोगों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन किया।
उग्र आंदोलन की चेतावनी
व्यापारी, सामाजिक संगठन और नागरिकों ने प्रशासन से आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की। सर्व समाज ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई और गैंग के नेटवर्क का खुलासा नहीं किया गया, तो प्रदेश स्तर पर उग्र आंदोलन किया जाएगा।
वक्ताओं ने कहा कि व्यापारी रमेश रूलानिया की हत्या के बाद भी रंगदारी का सिलसिला नहीं रुका है। कई व्यापारियों को फोन पर धमकियां मिल रही हैं। अब भाजपा नेता विजय सिंह पलाड़ा को भी धमकी दी गई है। लोगों ने कहा कि कुचामन अब और लाशें नहीं गिनेगा, समय रहते सख्त कदम उठाने जरूरी हैं।
गैंग की बढ़ती दहशत
बताया जा रहा है कि गैंग ने पहले पांच प्रतिष्ठित लोगों को निशाना बनाया। पुलिस की धीमी कार्रवाई के बीच घाटवा के व्यापारी रमेश रूलानिया की हत्या कर दी गई। इससे पहले शराब कारोबारी दातार सिंह और तीन अन्य लोगों को भी धमकियां मिल चुकी थीं।
अब गैंग ने विजय सिंह पलाड़ा और उनके परिवार को निशाने पर लिया है। सरगना विरेंद्र चारण व्हाट्सएप पर धमकी भरे ऑडियो भेज रहा है और लोगों की गतिविधियों पर नजर रखकर डर का माहौल बना रहा है।
शहरवासियों ने प्रशासन से जल्द और कड़ी कार्रवाई की मांग की है, ताकि क्षेत्र में शांति और सुरक्षा बनी रहे।
CHANNEL009 Connects India
