छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले के छोटे से गांव मडगांव में रहने वाले मनीष बीसी और खेमराज ने कभी सोचा भी नहीं था कि एक दिन उनकी सीधी बात क्रिकेट के सुपरस्टार विराट कोहली और दक्षिण अफ्रीका के दिग्गज खिलाड़ी एबी डिविलियर्स से हो जाएगी। लेकिन किस्मत ने कुछ ऐसा खेल खेला कि यह सपना सच हो गया।
दरअसल, 28 जून को मनीष और खेमराज ने एक नई सिम खरीदी थी। उन्हें जो मोबाइल नंबर मिला, वह पहले रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) के खिलाड़ी रजत पाटीदार इस्तेमाल करते थे। जैसे ही यह नंबर उनके पास आया, फोन पर कोहली, डिविलियर्स और यश दयाल जैसे खिलाड़ियों के कॉल आने लगे। शुरुआत में उन्हें यकीन नहीं हुआ कि ये सच में वही लोग हैं।
खेमराज ने बताया कि जब पहली बार उन्होंने एबी डिविलियर्स की आवाज सुनी तो खुशी से झूम उठे। हालांकि, डिविलियर्स ने अंग्रेज़ी में बात की, जिसकी एक भी बात उन्हें समझ नहीं आई। फिर भी, उनके लिए यह पल बहुत खास था। खेमराज बोले – “मैंने कभी सोचा भी नहीं था कि अपने गांव में बैठकर एक दिन विराट कोहली से बात करूंगा।”
मनीष के मुताबिक, जब भी कोई बड़ा खिलाड़ी कॉल करता, वह फोन खेमराज को दे देते। कॉल करने वाले खुद को विराट कोहली या यश दयाल बताते और पूछते कि वे रजत पाटीदार का नंबर क्यों इस्तेमाल कर रहे हैं। तब दोनों दोस्तों ने बताया कि उन्होंने यह नंबर नई सिम के साथ खरीदा है और अब यह उन्हीं का है। मामला तब गंभीर हुआ जब खुद रजत पाटीदार ने मनीष को कॉल किया और बताया कि यह उनका पुराना नंबर है। उन्होंने मध्य प्रदेश साइबर सेल को सूचित किया, जिसके बाद गरियाबंद पुलिस हरकत में आई। पुलिस उपाधीक्षक नेहा सिन्हा ने बताया कि खिलाड़ी मनीष को कॉल कर रहे थे और पाटीदार चाहते थे कि उनका पुराना नंबर वापस मिल जाए।
जब पुलिस मनीष और खेमराज के घर पहुंची, तो उन्होंने बिना किसी आपत्ति के नंबर वापस करने की सहमति दे दी। उन्हें कोई शिकायत नहीं थी, क्योंकि उनके लिए सबसे बड़ी खुशी यह थी कि उन्होंने विराट कोहली और एबी डिविलियर्स जैसे क्रिकेट के दिग्गजों से सीधे बात की।
मनीष के भाई देशबंधु बीसी ने कहा – “भले ही यह सब एक गड़बड़ी की वजह से हुआ, लेकिन यह हमारे लिए एक किस्मत का तोहफ़ा था। लोग तो सिर्फ उन्हें देखने का सपना देखते हैं, और हमें उनसे बात करने का मौका मिला। यह पल हम जिंदगी भर याद रखेंगे और गर्व से सबको बताएंगे।”
CHANNEL009 Connects India
