Related Articles
छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। नारायणपुर–ओरछा मुख्य मार्ग पर झारा घाटी के पास एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया, जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई और 25 से अधिक लोग घायल हो गए।
पिकअप में सवार थे 30 से ज्यादा लोग
जानकारी के अनुसार पिकअप वाहन में 30 से ज्यादा लोग सवार थे। अचानक वाहन का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क पर पलट गया। इस हादसे में दो महिलाओं और एक पुरुष की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद वहां अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय लोगों ने की मदद
घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत मदद की और घायलों को वाहन से बाहर निकाला। इसके बाद 108 संजीवनी एंबुलेंस के जरिए सभी घायलों को जिला अस्पताल नारायणपुर भेजा गया, जहां डॉक्टरों की टीम उनका इलाज कर रही है।
नियमों के खिलाफ सवारी ढो रहा था वाहन
बताया जा रहा है कि यह पिकअप वाहन नियमों के खिलाफ यात्रियों को ले जा रहा था। ऐसे वाहनों से पहले भी कई हादसे हो चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद कई चालक नियमों की अनदेखी करते हैं।
सड़क की खराब हालत भी हादसे की वजह
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार नारायणपुर–ओरछा मार्ग की सड़क काफी खराब हालत में है। खराब सड़क और चालकों की लापरवाही के कारण इस मार्ग पर अक्सर दुर्घटनाएं होती रहती हैं।
फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और लोगों से सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की है।
CHANNEL009 Connects India
