तेहरान/लंदन:
ईरान ने साफ़ कर दिया है कि वॉशिंगटन और तेहरान के बीच कूटनीतिक बातचीत तभी शुरू हो सकती है, जब अमेरिका भविष्य में ईरान पर किसी भी और सैन्य हमले से स्पष्ट रूप से इनकार करे।
ईरान के उप विदेश मंत्री माजिद तख्त-रावांची ने रविवार देर रात बीबीसी को दिए साक्षात्कार में यह बात कही। उन्होंने बताया कि अमेरिका ने संकेत दिया है कि वह फिर से वार्ता की मेज़ पर लौटना चाहता है — लेकिन यह संभाव तभी बन सकती है जब ईरान को आश्वस्त किया जाए कि बातचीत के दौरान उस पर हमला नहीं होगा।
“क्या हम फिर से ऐसा ही कोई हमला देखेंगे, जब हम वार्ता कर रहे होंगे? हमें इसका जवाब चाहिए,” तख़्त-रावांची ने कहा।
🇺🇸 अमेरिका-ईरान तनाव और हालिया हमले
ईरान और अमेरिका के बीच परमाणु कार्यक्रम पर बातचीत पहले से ही चल रही थी, जब 21 जून को इज़राइल ने ईरान की तीन प्रमुख परमाणु स्थलों पर हमला किया। अमेरिका ने इन हमलों में साथ देते हुए फोर्दो, नतांज और इस्फहान पर बमबारी की थी।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया था कि ये परमाणु ठिकाने “पूरी तरह से नष्ट” कर दिए गए हैं।
☢️ यूरेनियम संवर्धन पर मतभेद
उप मंत्री रावांची ने कहा कि ईरान को यूरेनियम संवर्धन (Enrichment) की अनुमति मिलनी चाहिए। हालांकि इस पर कितनी मात्रा में और कितनी शुद्धता तक संवर्धन किया जाए, यह बातचीत का विषय हो सकता है।
“अगर कोई कहे कि तुम्हें शून्य संवर्धन करना है, नहीं तो हम हमला करेंगे — तो यह अंतरराष्ट्रीय क़ानून नहीं, जंगल का क़ानून है,” उन्होंने कहा।
ईरान का कहना है कि उसका परमाणु कार्यक्रम शांतिपूर्ण उद्देश्यों के लिए है, जबकि इज़राइल का आरोप है कि वह परमाणु बम बनाने के करीब है।
📉 परमाणु निगरानी एजेंसी की चेतावनी
अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (IAEA) के प्रमुख राफाएल ग्रॉसी ने कहा कि ईरान कुछ महीनों में फिर से उच्च स्तर का यूरेनियम संवर्धन शुरू कर सकता है।
पूर्व में 2015 में हुए परमाणु समझौते के अनुसार, ईरान को 3.67% तक यूरेनियम संवर्धन की अनुमति थी — जो केवल विद्युत उत्पादन के लिए प्रयाप्त होता है।
लेकिन जब ट्रंप प्रशासन ने 2018 में इस समझौते से अमेरिका को बाहर निकाला, तब ईरान ने 60% तक संवर्धन शुरू कर दिया, जो हथियारों के लिए तो नहीं, लेकिन उससे काफी करीब माना जाता है।
विशेषज्ञों के अनुसार, इस स्तर के यूरेनियम को अगर और अधिक परिष्कृत किया जाए, तो यह 9 से अधिक परमाणु बमों के लिए पर्याप्त हो सकता है।
CHANNEL009 Connects India
