Breaking News

जयपुर एयरपोर्ट पर शहादत को सलाम… मंत्री हो या कलेक्टर, सबकी भीगी आंखें, कोई नहीं रोक पाया आंसू, जम्मू कश्मीर में हुए थे शहीद

जयपुर: जम्मू-कश्मीर के डोडा के डेसा जंगल में आतंकियों से मुठभेड़ में राजस्थान के दो जवान शहीद हो गए। आज उनकी पार्थिव देह जयपुर लाई गई। सेना के विशेष विमान में सुबह 10:15 बजे दोनों जवानों की पार्थिव देह जयपुर एयरपोर्ट पर पहुंची। यहां मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर, पीसीसी चीफ गोविंद डोटासरा, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली व अन्य ने श्रद्धांजलि दी। इस दौरान कलेक्टर प्रकाश राजपुरोहित और अन्य प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद थे। सभी की आंखें भीगी हुई थीं और कोई भी अपने आंसू नहीं रोक पाया।

दोनों जवानों की पार्थिव देह सेना के वाहनों में झुंझुनूं ले जाई जा रही है। भैसावता कलां निवासी अजय सिंह नरूका और डुमोली कलां निवासी बिजेंद्र सिंह शहीद हुए हैं। दोनों जवान एक साथ सेना में भर्ती हुए थे और 10वीं राष्ट्रीय राइफल्स (राजपूत) के सदस्य थे। अजय सिंह नरूका 18 जुलाई को छुट्टी पर गांव आने वाले थे, जबकि बिजेंद्र की छुट्टी रद्द हो गई थी।

गांव में शोक, राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार

दोनों जवानों की शहादत की खबर से उनके परिवार और पूरे गांव में शोक फैल गया है। अजय सिंह का परिवार पिलानी में रहता है। बुधवार को दोनों जवानों की पार्थिव देह उनके पैतृक गांव पहुंचेगी और राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।

मुख्यमंत्री और सचिन पायलट ने दी श्रद्धांजलि

राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने दोनों शहीद जवानों को श्रद्धांजलि दी है। भजनलाल शर्मा ने ट्वीट कर वीर जवानों की शहादत को सलाम किया। सचिन पायलट ने भी ट्वीट कर कहा कि राष्ट्र इन वीर सपूतों के सर्वोच्च बलिदान का सदैव ऋणी रहेगा और उनकी गहरी संवेदनाएं शहीद जवानों के परिजनों के साथ हैं।

मुठभेड़ की जानकारी

डोडा जिले में आतंकवादियों के छुपे होने की सूचना मिलने के बाद राष्ट्रीय राइफल्स और जम्मू-कश्मीर पुलिस ने तलाशी अभियान शुरू किया था। इस दौरान मुठभेड़ में सेना के एक अधिकारी सहित चार जवान और एक पुलिसकर्मी घायल हो गए। इलाज के दौरान चार जवान शहीद हो गए।

About admin

Check Also

IPL-पंजाब लगातार 5वां मैच हारी, मुंबई 6 विकेट से जीती:आखिरी ओवर में 15 रन बने, तिलक ने नाबाद 75 रन की पारी खेली

IPL में मुंबई की शानदार जीत, पंजाब की लगातार पांचवीं हार तिलक वर्मा की तूफानी …

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Channel 009
help Chat?