Breaking News

जाम से मिलेगी राहत… महर्षि चौक से श्यामगंज पुल तक बनेगी मॉडल सड़क

बरेली शहर में ट्रैफिक की समस्या को कम करने और सड़कों को आधुनिक बनाने के लिए नगर निगम ने बड़ी योजना तैयार की है। मुख्यमंत्री ग्रीन रोड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट स्कीम (सीएम ग्रिड योजना) के तीसरे चरण में महर्षि चौक से श्यामगंज पुल तक लगभग डेढ़ किलोमीटर लंबी सड़क को करीब 36 करोड़ रुपये की लागत से विकसित किया जाएगा। प्रस्ताव शासन को भेज दिया गया है और मंजूरी मिलते ही काम शुरू हो जाएगा।

सड़क को बनाया जाएगा आधुनिक

अधिशासी अभियंता राजीव राठी ने बताया कि सड़क को नए और बेहतर मानकों के अनुसार तैयार किया जाएगा। अभी सड़क के बीच का डिवाइडर लगभग 0.7 मीटर चौड़ा है, जिसे बढ़ाकर 1.2 मीटर किया जाएगा। इससे सड़क अधिक सुरक्षित और आकर्षक दिखेगी, साथ ही ट्रैफिक व्यवस्था भी बेहतर होगी।

बिजली लाइनें होंगी भूमिगत

इस परियोजना के तहत सड़क के ऊपर फैली सभी बिजली की तारों को जमीन के नीचे डाला जाएगा। इससे तारों के जाल से छुटकारा मिलेगा और हादसों का खतरा भी कम होगा। दोनों तरफ मजबूत और समतल फुटपाथ बनाए जाएंगे, जिससे पैदल चलने वालों को सुविधा मिलेगी। डिवाइडर और सड़क किनारे पौधे भी लगाए जाएंगे, जिससे मार्ग हरा-भरा और सुंदर दिखेगा।

नगर निगम का कहना है कि इस मार्ग पर ट्रैफिक का दबाव काफी ज्यादा रहता है। नई सड़क और बेहतर प्रबंधन से जाम की समस्या में काफी राहत मिलेगी। इससे आसपास के दुकानदारों और स्थानीय लोगों को भी फायदा होगा।

दूसरे चरण के काम भी जारी

सीएम ग्रिड योजना के दूसरे चरण में स्टेडियम रोड पर डेलापीर से स्टेडियम तक काम तेजी से चल रहा है। एक तरफ का काम पूरा हो चुका है और दूसरी तरफ का काम जल्द खत्म होने की उम्मीद है। प्रेमनगर क्षेत्र में भी विकास कार्य जारी हैं।

नगर आयुक्त संजीव मौर्य ने बताया कि तीसरे चरण की डीपीआर शासन को भेज दी गई है। मंजूरी मिलते ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। शहर की प्रमुख सड़कों में हो रहे इन बदलावों से बरेली को एक बेहतर और आधुनिक ट्रैफिक व्यवस्था मिलेगी।

About admin

Check Also

निशांत कुमार के काफिले में दिखीं 13 गाड़ियां, बिहार के स्वास्थ्य मंत्री ने वाहन कम करने से किया इनकार!

बिहार में मंत्री के काफिले पर सियासत तेज, निशांत कुमार के काफिले में दिखीं 13 …

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Channel 009
help Chat?