Breaking News

टिम डेविड की ताबड़तोड़ पारी से ऑस्ट्रेलिया की जीत, साउथ अफ्रीका के खिलाफ पहले टी20 में 17 रन से बाज़ी मारी

डार्विन के मारारा क्रिकेट ग्राउंड में खेले गए पहले टी20 मैच में ऑस्ट्रेलिया ने साउथ अफ्रीका को 17 रन से हरा दिया। इस जीत के साथ ऑस्ट्रेलिया ने तीन मैचों की टी20 सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली। इस मैच में ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज टिम डेविड ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 52 गेंदों में 8 छक्कों और 4 चौकों की मदद से 83 रन की पारी खेली और ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ बने।

मैच के बाद टिम डेविड ने बताया कि इतनी आक्रामक पारी उनकी योजना का हिस्सा नहीं थी। उनका असली फोकस अगले साल होने वाले टी20 वर्ल्ड कप और उससे पहले के बड़े टूर्नामेंट पर है। उन्होंने कहा,

“मैं एक समय में एक ही दिन की सोचता हूं। हमारे पास बेहतरीन बल्लेबाज हैं और हमें एक-दूसरे पर भरोसा है। टी20 क्रिकेट में स्थिति के हिसाब से तेज फैसले लेने पड़ते हैं और हम उसी तरह खेलते हैं।”

पहले बल्लेबाजी करते हुए ऑस्ट्रेलिया ने पावरप्ले में तेज शुरुआत की और 6 ओवर में 71 रन बना लिए, लेकिन इस दौरान चार विकेट भी गिर गए। इसके बाद टिम डेविड और कैमरून ग्रीन ने पारी को संभाला। ग्रीन ने 35 रन बनाए, जबकि बाकी बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल पाए। टीम 20 ओवर में 178 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। साउथ अफ्रीका की तरफ से क्वेना मफाका सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने 4 विकेट लिए।

लक्ष्य का पीछा करते हुए साउथ अफ्रीका की शुरुआत खराब रही, लेकिन रयान रिकेल्टन ने 55 गेंदों में 71 रन बनाकर टीम को मुकाबले में बनाए रखा। आखिरी ओवरों में मैच रोमांचक हो गया। जब 5 गेंद पर 21 रन की जरूरत थी, रिकेल्टन ने लॉन्ग ऑन की तरफ शॉट खेला जो छक्के के लिए जा रहा था, लेकिन ग्लेन मैक्सवेल ने बाउंड्री लाइन पर अद्भुत कैच पकड़कर मैच का रुख बदल दिया। इस कैच के बाद साउथ अफ्रीका की उम्मीदें लगभग खत्म हो गईं और टीम 9 विकेट खोकर 161 रन ही बना सकी।

ऑस्ट्रेलिया के लिए बेन ड्वारशुइस और जोश हेजलवुड ने 3-3 विकेट चटकाए। गेंदबाजी और फील्डिंग में शानदार प्रदर्शन के चलते टीम ने साउथ अफ्रीका को लक्ष्य से दूर रखा।

इस जीत के साथ ऑस्ट्रेलिया ने सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है। अब दूसरा मैच जीतकर ऑस्ट्रेलिया सीरीज अपने नाम करना चाहेगा, जबकि साउथ अफ्रीका बराबरी करने की कोशिश करेगा।

About Hussain

Check Also

निशांत कुमार के काफिले में दिखीं 13 गाड़ियां, बिहार के स्वास्थ्य मंत्री ने वाहन कम करने से किया इनकार!

बिहार में मंत्री के काफिले पर सियासत तेज, निशांत कुमार के काफिले में दिखीं 13 …

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Channel 009
help Chat?