बॉलीवुड एक्ट्रेस तमन्ना भाटिया ने हाल ही में एक इंटरव्यू के दौरान अपनी जिंदगी से जुड़े कुछ पुराने पलों को याद किया। इस इंटरव्यू में उनसे उनकी कुछ पुरानी तस्वीरों पर बात की गई। उन्हीं में से एक तस्वीर थी विराट कोहली के साथ, जो एक विज्ञापन शूट के दौरान ली गई थी।
इस तस्वीर को देखकर तमन्ना ने साफ कहा कि वह विराट कोहली से अब तक सिर्फ एक ही बार मिली हैं – और वो भी उसी दिन जब उन्होंने साथ में ऐड शूट किया था। उन्होंने यह भी जोड़ा कि उस दिन के बाद ना उन्होंने विराट से कभी बात की और ना ही कभी दोबारा मुलाकात हुई। तमन्ना ने अफसोस जताते हुए कहा, “मुझे वाकई में बुरा लगता है, क्योंकि लोग सिर्फ एक तस्वीर देखकर कई तरह की कहानियां बना लेते हैं।” उन्होंने कहा कि जब किसी इंसान से कोई संबंध ही नहीं होता और फिर भी उस बारे में झूठी बातें फैलाई जाती हैं, तो वो बहुत ही तकलीफदेह होता है। एक्ट्रेस ने ये भी माना कि सेलिब्रिटी होने के नाते उन्हें ऐसी अफवाहों का सामना करना पड़ता है, जो कभी-कभी उनकी निजी जिंदगी को भी प्रभावित करती हैं।
तमन्ना ने आगे कहा, “लोग जो सोचना चाहते हैं, वो सोचते रहेंगे। आप हर किसी को बैठाकर सच्चाई नहीं समझा सकते।” उनका कहना था कि करियर के इस सफर में उन्होंने धीरे-धीरे ये समझ लिया है कि अफवाहों से कैसे निपटा जाए। उन्होंने ये भी कहा कि हर चीज को कंट्रोल करना संभव नहीं होता, इसलिए अब वो ऐसी बातों को दिल से नहीं लगातीं।
तमन्ना की ये साफगोई बताती है कि वह अपने प्रोफेशनल और पर्सनल लाइफ को अलग रखना पसंद करती हैं और अफवाहों के पीछे भागने की बजाय अपने काम पर ध्यान देना सही मानती हैं।
CHANNEL009 Connects India
