Related Articles
ब्यावर (राजस्थान) – दक्षिण रेलवे की क्षेत्रीय रेलवे उपयोगकर्ता परामर्शदात्री समिति (ZRUC-C) के सदस्य गणपतलाल राजपुरोहित ने बताया कि वे दक्षिण भारत से राजस्थान के लिए सीधी रेल कनेक्टिविटी के लिए प्रस्ताव तैयार कर रहे हैं। इसके साथ ही रेलवे सेवाओं को बेहतर बनाने और यात्रियों की सुविधा के लिए त्योहारों और छुट्टियों में विशेष ट्रेनें चलाने की मांग भी रखी जाएगी।
राजपुरोहित को हाल ही में विशेष श्रेणी में इस समिति में दो वर्षों के लिए सदस्य नियुक्त किया गया है। उनका व्यवसाय केरल, कर्नाटक, आंध्रप्रदेश, तेलंगाना, तमिलनाडु, महाराष्ट्र, गुजरात और राजस्थान में फैला हुआ है।
यात्री सुविधाओं को लेकर सुझाव रखेंगे
राजपुरोहित ने कहा कि वे समिति की बैठक में रेलवे की ओर से दी जाने वाली सेवाओं और सुविधाओं में सुधार के सुझाव देंगे। साथ ही नए रेलवे स्टेशन खोलने, यात्रियों के लिए मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने और रेल कनेक्टिविटी बढ़ाने पर भी चर्चा करेंगे।
वंदे भारत और अन्य ट्रेनों के लिए मांग
बैठक में वंदे भारत ट्रेन की विभिन्न शहरों से कनेक्टिविटी, ट्रेनों के अतिरिक्त ठहराव, फ्रिक्वेंसी बढ़ाने और बुनियादी ढांचे के विकास जैसे मुद्दों को भी उठाया जाएगा।
रेलवे और यात्रियों के बीच सेतु का काम करेगी समिति
राजपुरोहित ने बताया कि यह समिति रेलवे प्रशासन और यात्रियों के बीच बेहतर समन्वय के लिए काम करती है। दक्षिण रेलवे जोन में छह डिवीजन हैं, जिनमें केरल के दो और तमिलनाडु के चार शामिल हैं। ये ज़ोन दक्षिण भारत के बड़े हिस्से को कवर करता है।
समिति के माध्यम से वे रेल सेवाओं की गुणवत्ता बढ़ाने और यात्रियों की जरूरतों को पूरा करने के लिए लगातार प्रयास करेंगे।
CHANNEL009 Connects India
