Breaking News

नीमराना उपखंड में विकास कार्यों का कलक्टर ने लिया जायजा

कोटपूतली-बहरोड़। जिला कलक्टर कल्पना अग्रवाल ने नीमराना उपखंड की मांढण तहसील का दौरा कर विकास कार्यों और सरकारी सेवाओं की स्थिति का निरीक्षण किया। उन्होंने मनरेगा कार्यस्थल, उप-स्वास्थ्य केंद्र, आंगनबाड़ी केंद्र, अटल सेवा केंद्र और तहसील कार्यालय का जायजा लिया और लोगों से सीधे फीडबैक लेकर अधिकारियों को संवेदनशीलता और समयबद्धता से कार्य करने के निर्देश दिए।

मनरेगा कार्यों और स्वास्थ्य सेवाओं की जांच
ग्राम माजरा में कलक्टर ने मनरेगा कार्यस्थल पर जाकर मजदूरों से बातचीत की और मजदूरी, भोजन और छाया जैसी सुविधाओं की जानकारी ली। माजरा और डाबडवास के उप-स्वास्थ्य केंद्रों का भी निरीक्षण किया गया। उन्होंने मौसमी बीमारियों को ध्यान में रखते हुए दवाओं की उपलब्धता, डॉक्टर व स्टाफ की मौजूदगी और सफाई पर विशेष ध्यान देने को कहा।

पेयजल और बिजली पर विशेष ध्यान
टैंकर से जल आपूर्ति की व्यवस्था की समीक्षा करते हुए कलक्टर ने जीपीएस ट्रैकिंग और साफ-सुथरी तथा निर्बाध जल आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं बिजली विभाग को विद्युत लाइनों की मरम्मत, बिजली आपूर्ति से जुड़े कार्यों में तेजी लाने और शिकायतों का तुरंत समाधान करने को कहा।

आंगनबाड़ी और पशु स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण
ग्राम नानगवास की आंगनबाड़ी का निरीक्षण कर पोषण आहार, बच्चों की उपस्थिति, शैक्षिक सामग्री और साफ-सफाई की स्थिति देखी। बच्चों के समग्र विकास के लिए आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को प्रोत्साहित किया। पशु स्वास्थ्य उपकेंद्र में पशुओं के इलाज की व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर पशुपालकों को योजनाओं की जानकारी देकर लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए।

डिजिटल सेवाओं और तहसील कार्यालय का निरीक्षण
ग्राम पंचायत गिगलाना के अटल सेवा केंद्र में ई-मित्र सेवाओं और डिजिटल सुविधाओं की जानकारी ली गई। मांढण तहसील कार्यालय में ई-फाइलिंग, गिरदावरी अपडेट और जनशिकायतों के समाधान की प्रक्रिया की समीक्षा की गई। कलक्टर ने अधिकारियों से कहा कि नागरिकों को कोई परेशानी न हो और सभी काम समय पर पूरे हों।

जनसहयोग की पहल की सराहना
माजरा बस स्टैंड पर भामाशाहों द्वारा लगाए गए प्याऊ की सराहना करते हुए कलक्टर ने सभी को ऐसे कार्यों के लिए प्रेरित किया। उन्होंने अधिकारियों को अपने दफ्तरों और आवासों पर पक्षियों के लिए परिंडे लगाने का संदेश भी दिया।

इस निरीक्षण दौरे में नीमराना उपखंड अधिकारी महेंद्र सिंह, मांढण तहसीलदार सुमित भारद्वाज, नीमराना बीडीओ ओमप्रकाश निर्मल समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।

About admin

Check Also

निशांत कुमार के काफिले में दिखीं 13 गाड़ियां, बिहार के स्वास्थ्य मंत्री ने वाहन कम करने से किया इनकार!

बिहार में मंत्री के काफिले पर सियासत तेज, निशांत कुमार के काफिले में दिखीं 13 …

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Channel 009
help Chat?