Breaking News

नीरज चोपड़ा ने डायमंड लीग 2025 फाइनल के लिए क्वालिफाई किया

भारत के स्टार भाला फेंक एथलीट नीरज चोपड़ा ने डायमंड लीग 2025 फाइनल में जगह बना ली है। यह फाइनल स्विट्जरलैंड के ज्यूरिख में 27 और 28 अगस्त को होगा।

नीरज ने 16 अगस्त को पोलैंड में हुए सिलेसिया डायमंड लीग में हिस्सा नहीं लिया था और उनके 22 अगस्त को ब्रसेल्स में होने वाले अगले चरण में खेलने को लेकर भी कोई पुष्टि नहीं है। हालांकि, इसका कोई फर्क नहीं पड़ेगा क्योंकि नीरज ने पहले ही अपनी क्वालिफिकेशन पक्की कर ली है।

सिलेसिया चरण के बाद जारी पॉइंट्स टेबल के अनुसार नीरज ने अब तक दो डायमंड लीग मीट में हिस्सा लिया है और 15 अंक लेकर तीसरे स्थान पर हैं। नीरज एक मीट में पहले और एक में दूसरे स्थान पर रहे थे। उनसे आगे केशोर्न वालकॉट (17 अंक) और जूलियन वेबर (15 अंक) हैं। ब्रसेल्स चरण के बाद टॉप 6 एथलीट ज्यूरिख फाइनल में उतरेंगे।

नीरज ने आखिरी बार 5 जुलाई को बेंगलुरु में हुए नीरज चोपड़ा क्लासिक में भाग लिया था और 86.18 मीटर का थ्रो कर खिताब जीता था। इस सीजन नीरज का प्रदर्शन बेहतरीन रहा है। उन्होंने मई में दोहा डायमंड लीग में 90.23 मीटर का थ्रो कर अपने करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया था। इसके बाद जून में पेरिस डायमंड लीग में उन्होंने 88.16 मीटर फेंककर पहला स्थान हासिल किया।

अब नीरज का अगला बड़ा लक्ष्य 13 से 21 सितंबर तक टोक्यो में होने वाली विश्व चैंपियनशिप है, जहां वे अपने खिताब का बचाव करेंगे।

About Hussain

Check Also

जोधपुर नगर निगम में BJP-कांग्रेस बराबरी, मेयर चुनाव पर सबकी नजर

जोधपुर नगर निगम चुनाव परिणामों के बाद अब मेयर पद के चुनाव को लेकर सियासी …

प्रातिक्रिया दे

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Channel 009
help Chat?