Breaking News

न्यूजीलैंड को झटका: विल ओ’रूर्क और नाथन स्मिथ दूसरे टेस्ट से बाहर, बेन लिस्टर को मिला मौका

न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम को जिम्बाब्वे दौरे पर एक और बड़ा झटका लगा है। टीम के तेज़ गेंदबाज विल ओ’रूर्क पीठ की चोट के कारण दूसरे टेस्ट मैच से बाहर हो गए हैं। उन्हें यह चोट पहले टेस्ट के तीसरे दिन लगी थी, जिसके बाद उन्हें मेडिकल जांच के लिए तुरंत न्यूजीलैंड वापस भेज दिया गया। न्यूजीलैंड और जिम्बाब्वे के बीच दो टेस्ट मैचों की सीरीज खेली जा रही है। पहला टेस्ट न्यूजीलैंड ने 9 विकेट से जीत लिया था, जबकि दूसरा मुकाबला 7 अगस्त से शुरू होगा।

इससे पहले भी न्यूजीलैंड के तेज़ गेंदबाजी ऑलराउंडर नाथन स्मिथ पेट की मांसपेशियों में खिंचाव की वजह से सीरीज से बाहर हो चुके हैं। उनकी जगह जकारी फॉल्क्स को पहली बार टेस्ट टीम में शामिल किया गया।

अब ओ’रूर्क की जगह बाएं हाथ के तेज़ गेंदबाज बेन लिस्टर को टीम में शामिल किया गया है। लिस्टर पहले से ही बैकअप खिलाड़ी के रूप में टीम के साथ थे। अब उन्हें मुख्य टीम का हिस्सा बना दिया गया है।

न्यूजीलैंड के गेंदबाजी कोच जैकब ओरम ने ओ’रूर्क की चोट पर चिंता जताते हुए कहा, “हमें उम्मीद है कि ओ’रूर्क की चोट गंभीर नहीं है। वह हमारे लिए आने वाले 6-8 महीनों और अगली टेस्ट सीरीजों के लिए काफी महत्वपूर्ण खिलाड़ी हैं। हम चाहते हैं कि वह जल्द से जल्द ठीक होकर वापसी करें।”

पहले टेस्ट में ओ’रूर्क ने पहली पारी में कोई विकेट नहीं लिया था, लेकिन दूसरी पारी में उन्होंने 10 ओवर में 28 रन देकर तीन विकेट चटकाए। चोट लगने के कारण वह मैच में आगे नहीं खेल सके।

नए चेहरों को मिल सकता है मौका

अब ओ’रूर्क की अनुपस्थिति में जैकब डफी या मैथ्यू फिशर में से किसी एक को टेस्ट डेब्यू का मौका मिल सकता है। फिशर को दौरे से पहले नेट बॉलर के तौर पर परखा गया था और उनके प्रदर्शन के आधार पर उन्हें टीम में शामिल किया गया।

कप्तान टॉम लैथम की भी फिटनेस पर संशय

टीम के नियमित कप्तान टॉम लैथम कंधे की चोट की वजह से पहला टेस्ट नहीं खेल पाए थे। उनकी जगह मिचेल सैंटनर ने कप्तानी की थी। अब यह देखना बाकी है कि लैथम दूसरा टेस्ट खेलने के लिए फिट हो पाएंगे या नहीं।

About Hussain

Check Also

गैस की किल्लत और कालाबाजारी के विरोध में आप का प्रदर्शन, राष्ट्रपति के नाम दिया ज्ञापन

जौनपुर में घरेलू गैस सिलेंडर की कमी और बढ़ती कीमतों के विरोध में आम आदमी …

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Channel 009
help Chat?