जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत के सख्त रुख से घबराए पाकिस्तान ने अपनी सैन्य ताकत का प्रदर्शन शुरू कर दिया है। ताजा घटनाक्रम में पाकिस्तान ने ‘फतेह’ नाम की सतह से सतह पर मार करने वाली मिसाइल का सफल परीक्षण किया है, जिसकी मारक क्षमता 120 किलोमीटर तक बताई जा रही है।
क्या है फतेह मिसाइल की खासियत?
फतेह एक कम दूरी की बैलिस्टिक मिसाइल है जो ठोस ईंधन पर आधारित है, जिससे इसे कम समय में लॉन्च किया जा सकता है। यह मिसाइल पारंपरिक और परमाणु हथियार ले जाने में सक्षम है। पाकिस्तानी सेना का दावा है कि इसमें अत्याधुनिक नेविगेशन सिस्टम लगा है, जिससे यह अपने लक्ष्य पर सटीक हमला कर सकती है।
पहले भी कर चुका है परीक्षण
हाल ही में पाकिस्तान ने अब्दाली मिसाइल का भी परीक्षण किया था, जिसकी रेंज 450 किलोमीटर तक है। उस परीक्षण के बाद पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी और प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने मिसाइल वैज्ञानिकों और सेना को बधाई दी थी। इससे साफ है कि पाकिस्तान तनाव के इस माहौल में बार-बार अपनी सैन्य शक्ति का प्रदर्शन कर रहा है।
रूस से मदद की गुहार
दूसरी ओर, पाकिस्तान की घबराहट का अंदाज़ा इस बात से भी लगाया जा सकता है कि उसने रूस से हस्तक्षेप की अपील की है। मास्को में पाकिस्तान के राजदूत मोहम्मद खालिद जमाली ने रूस से क्षेत्रीय तनाव को कम करने में सहयोग की मांग की है। इसके जवाब में रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने भारत और पाकिस्तान दोनों से संयम बरतने की अपील की है।
CHANNEL009 Connects India
