Breaking News

पाकिस्तान ने वनडे सीरीज की शानदार शुरुआत, वेस्टइंडीज को पहले मैच में 5 विकेट से हराया

ब्रायन लारा स्टेडियम में खेले गए पहले वनडे मैच में पाकिस्तान ने मेजबान वेस्टइंडीज को 5 विकेट से हराकर सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली। इससे पहले पाकिस्तान टी20 सीरीज भी जीत चुका था, और अब वनडे में भी उसने जीत के साथ अभियान शुरू किया।

टॉस हारने के बाद वेस्टइंडीज ने पहले बल्लेबाजी की, लेकिन शुरुआत निराशाजनक रही। पहले ही ओवर में शाहीन शाह अफरीदी ने ब्रैंडन किंग को पवेलियन भेज दिया। हालांकि, इसके बाद एविन लुईस ने तेज खेल दिखाया और टीम को संभाला। उन्होंने 62 गेंदों पर 60 रन बनाए, जिसमें 5 चौके और 3 छक्के शामिल थे।

कप्तान शाई होप (55 रन) और रोस्टन चेज (53 रन) ने भी जिम्मेदार पारियां खेलीं। दोनों ने साझेदारी कर स्कोर को आगे बढ़ाया। आखिरी ओवरों में गुडकेश मोती ने सिर्फ 18 गेंदों पर 31 रन ठोक दिए, जिसकी बदौलत वेस्टइंडीज की टीम 49वें ओवर में 280 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। पाकिस्तान की तरफ से शाहीन अफरीदी सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 8 ओवर में 51 रन देकर 4 विकेट झटके। नसीम शाह ने 3 और बाकी गेंदबाजों ने मिलकर 3 विकेट लिए।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। सईम अयूब सिर्फ 5 रन बनाकर आउट हो गए। अब्दुल्लाह शफीक ने भी 33 गेंद पर 29 रन बनाए। इसके बाद बाबर आजम और मोहम्मद रिजवान ने पारी को संभाला, लेकिन दोनों की स्ट्राइक रेट धीमी रही। बाबर ने 64 गेंद पर 47 रन बनाए, जबकि रिजवान ने 69 गेंदों में 53 रन जोड़े। 38वें ओवर में रिजवान के आउट होने के बाद पाकिस्तान का स्कोर 180/5 था और टीम को 78 गेंदों पर 101 रन की जरूरत थी। इसी समय डेब्यू कर रहे 22 साल के हसन नवाज और हुसैन तलत ने मैच का रुख बदल दिया।

हसन नवाज ने अपने पहले ही वनडे मैच में शानदार खेल दिखाया। उन्होंने सिर्फ 54 गेंदों में 5 चौके और 3 छक्कों की मदद से नाबाद 63 रन बनाए। उनके साथ हुसैन तलत भी जबरदस्त खेले, जिन्होंने 37 गेंदों पर 41 रन बनाकर टीम को जीत की मंजिल तक पहुंचा दिया। दोनों ने 69 गेंदों पर 104 रनों की अटूट साझेदारी की और 7 गेंद शेष रहते पाकिस्तान को जीत दिलाई।

इस जीत के साथ पाकिस्तान ने वनडे सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली और अब वह दूसरे मैच में सीरीज अपने नाम करने के इरादे से उतरेगा।

About Hussain

Check Also

पटना हाई कोर्ट का बड़ा कदम: विधानसभा स्पीकर प्रेम कुमार सहित 42 विधायकों को नोटिस

पटना हाई कोर्ट ने बिहार विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार समेत 42 विधायकों को नोटिस जारी …

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Channel 009
help Chat?