बलूचिस्तान की आज़ादी की लड़ाई ने एक नया मोड़ ले लिया है। बलूच नेता मीर यार बलूच ने सोशल मीडिया पर बलूचिस्तान को “स्वतंत्र राष्ट्र” घोषित करते हुए भारत और संयुक्त राष्ट्र से औपचारिक समर्थन मांगा है। इस बीच, बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) ने पाकिस्तानी सेना पर घातक हमले का दावा किया है जिसमें 14 सैनिक मारे जाने की खबर है।
“रिपब्लिक ऑफ बलूचिस्तान” का एलान
X (पूर्व में ट्विटर) पर मीर यार बलूच ने लिखा, “हमने बलूचिस्तान को पाकिस्तान से आज़ाद घोषित कर दिया है। अब वक्त आ गया है कि भारत हमें दिल्ली में दूतावास खोलने की अनुमति दे। पाकिस्तान का आतंकी ढांचा अब ढहने वाला है।” बलूच कार्यकर्ताओं का कहना है कि डेरा बुगती के गैस फील्ड्स पर हमला कर पाकिस्तान की अर्थव्यवस्था की नब्ज को निशाना बनाया गया है।
संयुक्त राष्ट्र से बड़ी मांगें
बलूच नेतृत्व ने संयुक्त राष्ट्र से अपील की है कि वह अपनी शांति सेना बलूचिस्तान भेजे और पाकिस्तान की सेना को ज़मीन, आकाश और समुद्री सीमा से बाहर निकाले। साथ ही पाकिस्तान के नियंत्रण वाली संपत्तियों को बलूच राष्ट्र को सौंपने की मांग भी की गई है।
नई सरकार का खाका और महिलाओं को जगह
मीर यार बलूच ने घोषणा की है कि जल्द ही एक अंतरिम स्वतंत्र सरकार का गठन किया जाएगा जिसमें महिलाओं को भी प्रतिनिधित्व दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि बलूचिस्तान की आज़ादी का समारोह जल्द आयोजित होगा, जिसमें अंतरराष्ट्रीय नेताओं को आमंत्रित किया जाएगा।
बलूच लिबरेशन आर्मी का हमला
बलूच लिबरेशन आर्मी ने दावा किया है कि उन्होंने एक पाकिस्तानी सैन्य वाहन को विस्फोट से उड़ाया, जिससे 14 सैनिक मारे गए। इसका एक वीडियो भी सामने आया है जिसमें हमला साफ देखा जा सकता है। यह हमला बलूच आंदोलन की सशस्त्र उपस्थिति और उसके बढ़ते आत्मविश्वास को दर्शाता है।
जिन्ना हाउस पर नया विवाद
लंदन स्थित फ्री बलूचिस्तान मूवमेंट के नेता हिर्बयार मारी ने भारत से मांग की है कि मुंबई स्थित जिन्ना हाउस को “बलूचिस्तान हाउस” में बदला जाए। उनका कहना है कि जिस इमारत से भारत का बंटवारा शुरू हुआ था, अब वहीं से बलूचिस्तान की आज़ादी की पटकथा लिखी जाएगी।
CHANNEL009 Connects India
