Related Articles
भीलवाड़ा।
भगवान महावीर के जन्म कल्याणक महोत्सव पर गुरुवार को सकल श्वेतांबर और सकल दिगंबर जैन समाज ने भव्य शोभायात्राएं और प्रभात फेरियां निकालीं। दोनों समाजों ने झांकियों के जरिए अहिंसा का संदेश दिया।
श्वेतांबर जैन समाज की शोभायात्रा तेरापंथ सभागार से और दिगंबर जैन समाज की शोभायात्रा पेच एरिया स्थित स्वाध्याय भवन से शुरू हुई। शोभायात्राओं में बड़ी संख्या में समाजजन शामिल हुए। भगवान महावीर रथ और पालकी में विराजमान थे। महिलाएं और पुरुष नाचते-गाते आगे बढ़ रहे थे। “त्रिशलानंदन वीर की जय… बोलो महावीर की जय…” के जयकारे गूंज रहे थे। रास्ते में कई संगठनों ने पुष्प वर्षा कर स्वागत किया और मिठाई बांटी।
श्वेतांबर जैन समाज की शोभायात्रा से पहले चिंतामणि पार्श्वनाथ मंदिर में भगवान महावीर स्वामी का अभिषेक और तेरापंथ भवन में कार्यक्रम हुआ। यहां अतिथियों का स्वागत किया गया। शोभायात्रा में आगे घोड़े पर सवार भक्त जैन ध्वजा लिए हुए थे। बैंड की मधुर धुनों पर श्रद्धालु जयकारे लगाते हुए चलते रहे। यात्रा राजेन्द्र मार्ग, मुरली विलास रोड, स्टेशन चौराहा, गोल प्याऊ चौराहा होते हुए चित्रकूटधाम पहुंची, जहां सामूहिक भोज का आयोजन हुआ।
दिगंबर जैन समाज की शोभायात्रा में भी कई सुंदर झांकियां शामिल थीं। भगवान श्रीजी का रथ यात्रा में प्रमुख आकर्षण रहा। महिलाएं और पुरुष एक जैसे ड्रेस कोड में नृत्य करते हुए चले। मार्ग में ठंडा पेयजल बांटा गया और गोल प्याऊ चौराहे पर पुष्प वर्षा भी की गई। शोभायात्रा मुख्य मार्गों से होते हुए आमलियों की बाड़ी जैन मंदिर पहुंची, जहां समापन के बाद आदिनाथ नवयुवक मंडल के संयोजन में प्रसादी वितरित की गई।
पूरा आयोजन श्रद्धा, उत्साह और भक्ति से भरा रहा।
CHANNEL009 Connects India
