भारत पर हमला बोलते-बोलते शहबाज शरीफ ने खुद उड़ाया अपना मजाक, 600 अरब डॉलर के नुकसान का कर बैठे दावा
इस्लामाबाद: सिंधु जल संधि पर भारत के कड़े रुख से बौखलाए पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने शनिवार को एक भाषण में भारत के खिलाफ तीखे बयान दिए। पाकिस्तान मिलिट्री अकादमी की पासिंग आउट परेड के दौरान उन्होंने पानी को पाकिस्तान की जीवनरेखा बताते हुए भारत को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। लेकिन इसी दौरान उन्होंने ऐसा दावा कर डाला कि सोशल मीडिया पर उनका मजाक उड़ने लगा।
मुख्य बातें:
-
शहबाज शरीफ ने पाकिस्तान को आतंकवाद का सबसे बड़ा पीड़ित बताया
-
आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में 600 अरब डॉलर के नुकसान का किया दावा
-
सोशल मीडिया पर उड़ा जमकर मजाक
आतंकवाद पर बोले तो बन बैठे मजाक
शहबाज शरीफ ने भारत के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि पाकिस्तान का पहलगाम हमले से कोई लेना-देना नहीं है और भारत बिना किसी ठोस जांच के आरोप लगा रहा है। इसी दौरान उन्होंने पाकिस्तान को आतंकवाद से सबसे अधिक प्रभावित देश बताते हुए दावा किया कि उनके देश को आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में 600 अरब डॉलर का नुकसान हुआ है।
उनका यह बयान सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जहां यूजर्स ने सवाल उठाए कि पाकिस्तान की कुल जीडीपी ही करीब 337 अरब डॉलर है, तो फिर नुकसान 600 अरब डॉलर कैसे हो गया? कई यूजर्स ने मजाक में पूछा कि क्या शहबाज शरीफ को सही में पता है कि एक अरब में कितने जीरो होते हैं!
90,000 जानें गंवाने का दावा
शहबाज शरीफ ने अपने भाषण में यह भी कहा कि आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में पाकिस्तान ने 90,000 से अधिक जानें गंवाई हैं और कोई भी देश पाकिस्तान से ज्यादा आर्थिक नुकसान और बलिदान नहीं झेल पाया है। उन्होंने यह भी दोहराया कि पाकिस्तान, पहलगाम आतंकी हमले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच में सहयोग करने के लिए तैयार है।
भारत ने सिंधु जल संधि निलंबित कर दी
गौरतलब है कि जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हाल ही में हुए आतंकी हमले के बाद भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए सिंधु जल संधि को निलंबित कर दिया है। इसके चलते पाकिस्तान में हड़कंप मचा हुआ है, क्योंकि अगर भारत सिंधु नदी के पानी पर नियंत्रण कड़े कदम उठाता है तो पाकिस्तान के लिए भीषण जल संकट खड़ा हो सकता है।
लश्कर-ए-तैयबा का आतंकी संगठन जिम्मेदार
पहलागाम हमले की जिम्मेदारी ‘द रेजिस्टेंस फ्रंट’ नामक संगठन ने ली है, जिसे पाकिस्तान स्थित लश्कर-ए-तैयबा से जुड़ा माना जाता है। इस हमले में 26 निर्दोष लोगों की जान गई थी, जिनमें अधिकांश पर्यटक थे।
CHANNEL009 Connects India
