इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 की तैयारियां शुरू होने से पहले ही खिलाड़ियों के टीम बदलने की खबरें गर्म हो गई हैं। इन दिनों सबसे ज्यादा चर्चा में हैं राजस्थान रॉयल्स (RR) के कप्तान और स्टार विकेटकीपर-बल्लेबाज संजू सैमसन। खबर है कि वह अब बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान की कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) से जुड़ सकते हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, संजू सैमसन ने खुद राजस्थान रॉयल्स से रिलीज होने का फैसला किया है। ऐसे में उनके अगले पड़ाव को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं। एक तरफ चर्चा है कि वह KKR की पर्पल जर्सी पहन सकते हैं, वहीं दूसरी तरफ उनका नाम चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) से भी जोड़ा जा रहा है।
अमेरिका में हुए मेजर लीग क्रिकेट के दौरान संजू सैमसन की मुलाकात CSK के कोच स्टीफन फ्लेमिंग से हुई थी। इस मुलाकात के बाद से ही कयास लगने लगे कि वह CSK में जा सकते हैं।
हालांकि, पूर्व भारतीय क्रिकेटर और कमेंटेटर आकाश चोपड़ा का मानना है कि संजू सैमसन के लिए KKR बेहतर विकल्प हो सकती है। उन्होंने कहा, “कोलकाता के पास कोई विकेटकीपर-बल्लेबाज नहीं है। अगर टीम को बल्लेबाजी में गहराई और एक कप्तान चाहिए, तो सैमसन शानदार चुनाव होंगे।”
आकाश चोपड़ा ने KKR के मौजूदा कप्तान अजिंक्य रहाणे की तारीफ की, लेकिन यह भी कहा कि उम्र को देखते हुए टीम भविष्य के लिए सैमसन जैसे खिलाड़ी पर भरोसा कर सकती है। उन्होंने यह भी सुझाव दिया कि KKR अगर वेंकटेश अय्यर को रिलीज करती है, तो टीम के बजट में करीब 24 करोड़ रुपये जुड़ सकते हैं। पिछले सीजन में KKR ने अय्यर को 23.75 करोड़ रुपये में खरीदा था और वह IPL 2025 के टॉप-5 महंगे खिलाड़ियों में शामिल थे।
अब सभी की नजरें इस पर हैं कि IPL 2026 की नीलामी में संजू सैमसन आखिर किस टीम के साथ दिखेंगे – शाहरुख खान की KKR या महेंद्र सिंह धोनी वाली CSK।
CHANNEL009 Connects India
