टीम इंडिया और इंग्लैंड के बीच चल रही 5 मैचों की टेस्ट सीरीज अब अपने अंतिम और सबसे रोमांचक पल में पहुंच चुकी है। आज इस सीरीज का पांचवां और आखिरी टेस्ट मैच अपने नतीजे की ओर बढ़ रहा है। ये मैच लंदन के ओवल मैदान पर खेला जा रहा है, और मुकाबला इतना कांटे का है कि जीत किसी भी टीम के नाम हो सकती है। मैच का नतीजा चौथे दिन ही आ सकता था, लेकिन खराब रोशनी और बाद में बारिश की वजह से खेल को करीब एक घंटे पहले रोकना पड़ा। उस समय इंग्लैंड की टीम मजबूत स्थिति में थी और जीत के करीब लग रही थी। लेकिन भारतीय गेंदबाजों ने शानदार वापसी करके मैच का रुख पलट दिया।
इंग्लैंड को 374 रनों का लक्ष्य मिला था और उसने 3 विकेट खोकर 300 रन से ज्यादा बना लिए थे। तब ऐसा लग रहा था कि इंग्लैंड आसानी से जीत जाएगा। लेकिन तभी आकाश दीप ने एक बड़ा ब्रेकथ्रू दिलाया। उन्होंने हैरी ब्रूक को 111 रन पर आउट कराया, जिनका कैच मोहम्मद सिराज ने लपका। इसके बाद शुभमन गिल मैदान पर खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाते नजर आए। स्टंप माइक में उनकी आवाज रिकॉर्ड हुई जिसमें वह कह रहे थे, “कम ऑन बॉयज, एक घंटा और जोर लगाओ, उसके बाद आराम करेंगे।”
गिल की यह बात टीम पर असर कर गई। टी-ब्रेक के बाद प्रसिद्ध कृष्णा ने जैकब बेथेल को महज 5 रन पर आउट किया। फिर उन्होंने इंग्लैंड के सबसे अनुभवी बल्लेबाज जो रूट (105) का विकेट लेकर भारत की मैच में वापसी को और मजबूत किया।
खेल के बीच शुभमन गिल और गेंदबाज आकाश दीप के बीच एक हल्का-फुल्का मज़ाक भी कैमरे में कैद हुआ। गिल आकाश दीप से पूछते हैं, “इंजेक्शन लिया है तुमने?” ये पल दिखाता है कि टीम में सकारात्मक माहौल बना हुआ है।
अब टेस्ट मैच के आखिरी दिन यानी आज (5 अगस्त) दोनों टीमों के पास जीत का मौका है। इंग्लैंड को जीत के लिए सिर्फ 35 रन चाहिए जबकि भारत को सीरीज को 2-2 से ड्रॉ कराने के लिए 4 विकेट लेने हैं। जो रूट ने पहले ही बताया है कि जरूरत पड़ने पर चोटिल क्रिस वोक्स भी बल्लेबाजी के लिए उतर सकते हैं। अब देखना यह है कि गिल की कप्तानी में भारत यह मैच जीत पाता है या इंग्लैंड इतिहास रचकर सीरीज 3-1 से अपने नाम करता है।
CHANNEL009 Connects India
