Related Articles
Sri Ganganagar News: श्रीगंगानगर स्थापना दिवस के अवसर पर तीन दिवसीय गंग महोत्सव की शुरुआत शुक्रवार से हो गई है। इस आयोजन में जिला प्रशासन के साथ पर्यटन विभाग भी भाग ले रहा है, और आयोजन को सफल बनाने के लिए अलग-अलग नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए हैं। महोत्सव का समापन 27 अक्टूबर को सूरतगढ़ में “एक शाम धोरों के नाम” सांस्कृतिक संध्या के साथ होगा।
पहले दिन के कार्यक्रम गंग महोत्सव के पहले दिन शुक्रवार को सुबह 9 बजे विभिन्न स्कूलों और कॉलेजों की चारदीवारी पर वॉल पेंटिंग की गई। इसके अलावा, राजकीय कन्या महाविद्यालय में दोपहर 2 से शाम 5 बजे तक पोस्टर पेंटिंग प्रतियोगिता आयोजित की गई।
आगे के कार्यक्रम
- शनिवार: सुबह 8 बजे शहर के मुख्य चौराहों पर रंगोली सजाई जाएगी। शाम 6 से रात 9 बजे तक एसडी बिहाणी शिक्षण संस्थान के ऑडिटोरियम में सांस्कृतिक संध्या होगी।
- रविवार: शाम 4 बजे से रात 8 बजे तक “एक शाम धोरों के नाम” का आयोजन सूरतगढ़ के खेजड़ी धाम के पास किया जाएगा, जिसमें कैमल डांस, कैमल सफारी और अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे।
विशेष आयोजन शनिवार सुबह 8 बजे महाराजा गंगासिंह चौक पर माल्यार्पण किया जाएगा। इसके बाद, सुबह 8.30 बजे शिवपुर हैड पर पूजा अर्चना और सर्वधर्म प्रार्थना सभा का आयोजन होगा। यहां वन विभाग द्वारा पौधरोपण और विभिन्न अंचलों से आए लोक कलाकार सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे। साथ ही, ग्रामीण हाट, फूड स्टॉल, हस्तशिल्प स्टॉल और झूले भी लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र होंगे।
CHANNEL009 Connects India
