भारतीय क्रिकेट के महान खिलाड़ी सचिन तेंदुलकर के बेटे अर्जुन तेंदुलकर ने सगाई कर ली है। अर्जुन की मंगेतर सानिया चंडोक मुंबई के एक जाने-माने कारोबारी परिवार से हैं। दोनों परिवारों ने अब तक इस सगाई की आधिकारिक घोषणा नहीं की है, लेकिन सोशल मीडिया और मीडिया रिपोर्ट्स में यह खबर तेजी से फैल रही है।
सानिया मुंबई के मशहूर बिजनेसमैन रवि घई की पोती हैं। रवि घई का परिवार कई बड़े बिजनेस का मालिक है। इनके परिवार के पास इंटरकॉन्टिनेंटल मरीन ड्राइव होटल और मशहूर Brooklyn Creamery ब्रांड भी है, जो लो-कैलोरी आइसक्रीम बनाता है।
सानिया चंडोक ने अपनी स्कूली पढ़ाई मुंबई से पूरी की और फिर उच्च शिक्षा के लिए विदेश गईं। उन्होंने लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स से ग्रेजुएशन किया है, जो दुनिया के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थानों में से एक है। पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने बिजनेस और पालतू जानवरों की देखभाल के क्षेत्र में कदम रखा।
सानिया Mr Paws नाम के एक पेट स्किनकेयर सैलून की संस्थापक हैं। यह सैलून मुंबई में है और यहां पालतू जानवरों की स्किन केयर और ट्रीटमेंट किया जाता है। उनकी एक फोटो भी वायरल हुई है जिसमें वह एक जानवर का इलाज करती नजर आ रही हैं। सानिया की सचिन तेंदुलकर की बेटी सारा तेंदुलकर के साथ भी कई तस्वीरें सामने आई हैं। बताया जाता है कि दोनों के बीच अच्छी दोस्ती है और अक्सर साथ में नजर आती हैं।
अर्जुन एक बाएं हाथ के तेज गेंदबाज और ऑलराउंडर हैं। उन्होंने IPL 2023 में मुंबई इंडियंस टीम से डेब्यू किया था। अब तक वह आईपीएल में 5 मैच खेल चुके हैं। इसके अलावा अर्जुन 17 फर्स्ट-क्लास मैच, 18 लिस्ट-ए मैच और 24 टी20 मैच खेल चुके हैं।
सचिन तेंदुलकर का परिवार और सानिया का परिवार लंबे समय से एक-दूसरे को जानते हैं। यही वजह है कि इस रिश्ते को लेकर दोनों परिवारों में खुशी का माहौल है। उम्मीद की जा रही है कि आने वाले दिनों में सगाई और शादी को लेकर आधिकारिक घोषणा हो जाएगी।
CHANNEL009 Connects India
