सिनसिनाटी ओपन 2025 में इस बार डबल्स मुकाबलों ने खासा रोमांचक रंग भरा। पुरुष और महिला दोनों वर्गों में नए चैम्पियंस बने और दर्शकों को शानदार टेनिस देखने को मिला।
क्रोएशिया के निकोला मेक्टिक और अमेरिका के अनुभवी खिलाड़ी राजीव राम ने इटली की जोड़ी लोरेंजो मुसेट्टी और लोरेंजो सोनेगो को कड़ी टक्कर देते हुए खिताब जीता।
मैच 90 मिनट तक चला और स्कोर रहा – 4-6, 6-3, 10-5।
यह जीत मेक्टिक-राम की बतौर जोड़ी पहली मास्टर्स 1000 ट्रॉफी है। दोनों ने साल का केवल तीसरा टूर्नामेंट एक साथ खेला और उसी में पहला फाइनल जीत लिया।
41 साल 4 महीने की उम्र में राजीव राम सिनसिनाटी ओपन में खिताब जीतकर ओपन एरा के दूसरे सबसे उम्रदराज मेंस डबल्स चैंपियन बन गए। उनसे ऊपर सिर्फ डेनियल नेस्टर (42 साल) हैं, जिन्होंने 2015 में जीत दर्ज की थी।
मेक्टिक अब उन चुनिंदा डबल्स खिलाड़ियों में शामिल हो गए हैं जिन्होंने सभी नौ एटीपी मास्टर्स 1000 टूर्नामेंट्स के फाइनल खेले हैं। उनसे पहले यह उपलब्धि सिर्फ भारत के रोहन बोपन्ना और क्रोएशिया के माटे पाविच के नाम थी।
महिला वर्ग में कनाडा की गैब्रिएला डाब्रोव्स्की और न्यूजीलैंड की एरिन राउटलिफ की जोड़ी ने दमदार प्रदर्शन किया। उन्होंने चीन की गुओ हान्यू और रूस की एलेक्जेंड्रा पानोवा को 6-4, 6-3 से हराकर ट्रॉफी जीती। यह दोनों का बतौर टीम पहला WTA 1000 खिताब है। इस सीजन में उनका यह दूसरा और करियर का कुल छठा टाइटल है।
जीत के बाद राउटलिफ नंबर 7 पर बरकरार रहेंगी। वहीं डाब्रोव्स्की पांच पायदान ऊपर चढ़कर नंबर 8 पर पहुंच गईं।
डाब्रोव्स्की और राउटलिफ ने दो साल पहले मॉन्ट्रियल से एक साथ खेलना शुरू किया था। इसके बाद से दोनों ने मिलकर यूएस ओपन और WTA फाइनल्स समेत कई खिताब जीते हैं।
अब सिनसिनाटी की जीत ने उनकी जोड़ी को और मजबूत कर दिया है।
राउटलिफ ने लगातार दूसरा सिनसिनाटी ओपन खिताब जीता है। पिछले साल उन्होंने एशिया मुहम्मद के साथ यहां जीत हासिल की थी। डाब्रोव्स्की ने अपने करियर का पांचवां WTA 1000 डबल्स खिताब जीता।
सिनसिनाटी ओपन 2025 डबल्स फाइनल ने दिखाया कि अनुभव और तालमेल से नई ऊंचाइयां पाई जा सकती हैं। मेन्स में मेक्टिक-राम और विमेंस में डाब्रोव्स्की-राउटलिफ की जीत आने वाले टूर्नामेंट्स में उनकी आत्मविश्वास को और बढ़ाएगी।
CHANNEL009 Connects India
