Breaking News

सिराज और कृष्णा का धमाका: टेस्ट रैंकिंग में करियर की ऊंचाई पर पहुंचे दोनों गेंदबाज

भारत के तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा ने इंग्लैंड के खिलाफ ऐतिहासिक टेस्ट सीरीज के आखिरी मैच में शानदार प्रदर्शन कर अपनी रैंकिंग में जबरदस्त उछाल हासिल की है। दोनों खिलाड़ियों ने ICC की ताज़ा टेस्ट रैंकिंग में अब तक का अपना सर्वश्रेष्ठ स्थान हासिल किया है।

पांचवां टेस्ट मुकाबला लंदन के द ओवल मैदान में खेला गया, जहां सिराज ने पूरी दुनिया को अपनी गेंदबाज़ी का दीवाना बना दिया। उन्होंने मैच में कुल 9 विकेट चटकाए और “प्लेयर ऑफ द मैच” का अवॉर्ड भी अपने नाम किया। इस प्रदर्शन के दम पर उन्होंने टेस्ट गेंदबाजों की रैंकिंग में 12 स्थान की छलांग लगाई और अब वे 674 रेटिंग अंकों के साथ 15वें स्थान पर पहुंच गए हैं। यह सिराज के करियर की अब तक की सबसे ऊंची रैंकिंग है।

वहीं दूसरी ओर, तेज़ गेंदबाज़ प्रसिद्ध कृष्णा ने भी इस मैच में कमाल कर दिया। उन्होंने दोनों पारियों में 4-4 विकेट लेकर कुल 8 विकेट चटकाए। इसके साथ ही वह रैंकिंग में 59वें स्थान पर पहुंच गए हैं, जो उनके करियर की अब तक की सबसे बेहतर पोजिशन है।

सिराज और कृष्णा एक साथ टेस्ट मैच की दोनों पारियों में चार या उससे ज्यादा विकेट लेने वाले भारत के सिर्फ दूसरे गेंदबाज जोड़ी बन गए हैं। इससे पहले यह कारनामा 1969 में बिशन सिंह बेदी और इरापल्ली प्रसन्ना की स्पिन जोड़ी ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दिल्ली टेस्ट में किया था। सिराज ने इंग्लैंड सीरीज के सभी पांच टेस्ट मैच खेले और कुल मिलाकर 23 विकेट लेकर सबसे सफल गेंदबाज रहे।

इंग्लैंड की ओर से गस एटकिंसन और जोश टंग ने भी ओवल टेस्ट में बेहतरीन गेंदबाज़ी की। दोनों ने 8-8 विकेट लिए। गस एटकिंसन पहली बार टेस्ट गेंदबाज़ों की टॉप 10 रैंकिंग में शामिल हो गए हैं। वहीं जोश टंग ने 14 स्थान की छलांग लगाई और अब वह 46वें नंबर पर पहुंच गए हैं।

टॉप 5 टेस्ट गेंदबाज (ICC रैंकिंग):

1. जसप्रीत बुमराह (भारत)

2. कगिसो रबाडा (दक्षिण अफ्रीका)

3. पैट कमिंस (ऑस्ट्रेलिया)

4. मैट हेनरी (न्यूज़ीलैंड)

5. जोश हेज़लवुड (ऑस्ट्रेलिया)

बल्लेबाजों की रैंकिंग में भी उठा-पटक

इंग्लैंड के जो रूट अब भी टेस्ट बल्लेबाजों की रैंकिंग में पहले नंबर पर बने हुए हैं। वहीं उनके साथी हैरी ब्रूक शानदार शतक की बदौलत दूसरे स्थान पर पहुंच गए हैं। भारत के यशस्वी जायसवाल भी पीछे नहीं हैं, वो अब पांचवें स्थान पर हैं।

टॉप 10 टेस्ट बल्लेबाज (ICC रैंकिंग):

1. जो रूट (इंग्लैंड)

2. हैरी ब्रूक (इंग्लैंड)

3. केन विलियमसन (न्यूज़ीलैंड)

4. स्टीव स्मिथ (ऑस्ट्रेलिया)

5. यशस्वी जायसवाल (भारत)

6. टेंबा बवुमा (दक्षिण अफ्रीका)

7. कामिंदु मेंडिस (श्रीलंका)

8. ऋषभ पंत (भारत)

9. डेरिल मिचेल (न्यूज़ीलैंड)

10. बेन डकेट (इंग्लैंड)

भारत और इंग्लैंड के बीच खेली गई ये टेस्ट सीरीज ना सिर्फ रोमांचक रही, बल्कि कई खिलाड़ियों के करियर के लिए भी बेहद अहम साबित हुई। सिराज और कृष्णा जैसे तेज गेंदबाजों की यह सफलता भारतीय तेज आक्रमण की गहराई को दर्शाती है। आने वाले दिनों में इन खिलाड़ियों से और बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद की जा सकती है।

About Hussain

Check Also

41 साल की उम्र में क्रिस्ट‍ियानो रोनाल्डो ने जड़ी ‘सेंचुरी’, इत‍िहास रचने से 29 गोल दूर

41 की उम्र में भी रोनाल्डो का जलवा कायम, करियर की ‘सेंचुरी’ पूरी कर रचा …

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Channel 009
help Chat?