Related Articles
बारां। राजस्थान के बारां जिले में खेतों में लगी भीषण आग से 65 बीघा गेहूं की फसल जलकर खाक हो गई। पहली घटना भंवरगढ़ क्षेत्र में हुई, जहां 55 बीघा गेहूं की फसल जल गई। दूसरी घटना अटरू तहसील के मनोहरपुर गांव में हुई, जहां 10 बीघा फसल राख हो गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में पूरी फसल जलकर नष्ट हो गई।
गांववालों ने आग बुझाने की कोशिश की
रामपुरिया गांव के किसान देवेंद्र भाटी ने बताया कि शुक्रवार दोपहर फल्दी और कुंदा गांव के पास के खेत में आग लग गई। जैसे ही गांववालों को पता चला, वे आग बुझाने के लिए दौड़ पड़े। तुरंत तहसीलदार अभय राज, थाना प्रभारी राजेश कुमार मीणा और प्रशासक उम्मेद चौधरी को सूचना दी गई। ओरिएंटल ग्रीन पावर प्लांट की दमकल को बुलाया गया, और डेढ़ घंटे की मेहनत के बाद आग पर काबू पाया गया।
हार्वेस्टर मशीन से निकली चिंगारी से लगी आग
रामपुरिया गांव में किसान भजन और अवतार सरदार के खेत में आग लगने का कारण हार्वेस्टर मशीन माना जा रहा है। फसल कटाई के दौरान हार्वेस्टर की कटर पत्थर से टकरा गई, जिससे चिंगारी उठी और आग लग गई।
किसानों की मेहनत पर पानी फिरा
इस आग से 10 बीघा में खड़ी फसल और 35 बीघा में कटाई के लिए रखी गई गेहूं की नौलाइयां जलकर राख हो गईं। थाना प्रभारी राजेश कुमार मीणा ने बताया कि पीपलघटा और पींजना गांव के पास भी शुक्रवार सुबह आग लगी, जिससे 6 किसानों की 20 बीघा गेहूं की फसल नष्ट हो गई।
बिजली के तारों में स्पार्किंग से लगी आग
अटरू तहसील के मनोहरपुर गांव में किसान रामदयाल नागर के खेत में सुबह 8 बजे बिजली के तारों में स्पार्किंग से आग लग गई। इस आग में 10 बीघा गेहूं की फसल पूरी तरह जलकर राख हो गई।
सरकार से किसानों को मुआवजा देने की मांग की जा रही है।
CHANNEL009 Connects India
